विधानसभा आम चुनाव 2023 की तैयारियों के संबंध में संभागीय आयुक्त ने ली बैठक
पुलिस एवं आबकारी विभाग को आपसी समन्वय के साथ संयुक्त रूप से कार्यवाही करने के निर्देश
जोधपुर। विधानसभा आम चुनाव 2023 की तैयारियों के संबंध में सोमवार को संभागीय आयुक्त श्री बीएल मेहरा की अध्यक्षता में उनके कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
सम्भागीय आयुक्त ने पुलिस, आबकारी, परिवहन, वन विभाग एवं वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में गत तीन माह की प्रगति एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में व्यापक चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।कार्यवाही की साप्ताहिक रिपोर्ट भिजवाने के निर्देश दिए।
सम्भागीय आयुक्त ने निर्देशित करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार स्वच्छ एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए आवश्यक जब्ती कार्यवाही अमल में लाए। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं आबकारी विभाग आपसी समन्वय के साथ संयुक्त जांच दल गठित कर जब्ती की कार्यवाही करें। साथ ही रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
श्री मेहरा ने शराब दुकानों एवं गोदामों की प्रभावी निगरानी के साथ ही चेक पोस्ट एवं नाकों पर सघन तलाशी के निर्देश दिए।पुलिस विभाग को अवैध हथियारों के जब्ती के लिए सघन अभियान चला कर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया।उन्होंने परिवहन विभाग को अनाधिकृत एवं बिना कागजात वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।सम्भागीय आयुक्त ने वाणिज्यिक कर विभाग एवं वन विभाग को नियम विरुद्ध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ये रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य वन संरक्षक श्री एसआरवी मूर्ति, डीसीपी (अपराध) श्री राजेंद्र मीणा,अतिरिक्त संभागीय आयुक्त श्री ओमप्रकाश बिश्नोई, जिला आबकारी अधिकारी श्री सुरेन्द्र सिंह राजपुरोहित, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री हरफूल पंकज, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार, वाणिज्य कर अतिरिक्त आयुक्त श्री विनोद मेहरा सहित संबंधित विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।