तिरंगा यात्रा : शेखावत ने सूर्यनगरी की सड़कों पर चलाई बाइक
डीजे की धुनों पर भाजपा कार्यकर्ता उत्साह के साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर तिरंगे झंडे लेकर चले
जोधपुर। भारतीय जनता पार्टी जोधपुर शहर की ओर से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत बाइक चलाकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। डीजे की धुनों पर कार्यकर्ता उत्साह के साथ रैली में दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर तिरंगे झंडे लेकर चले। रैली का अनेक स्थानों पर पुष्प वर्षा के साथ स्वागत किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस को उत्साह के साथ मनाने का आह्वान किया है। प्रदेश भाजपा की ओर से हर जिले में तिरंगा यात्रा निकाली गईं। जोधपुर में शहर जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा के नेतृत्व में यह बरकतुल्ला खान स्टेडियम से शाम साढ़े चार बजे रवाना हुई। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का सालेचा ने साफा पहनाकर स्वागत किया और उनको तिरंगा झंडा सौंपा। इसके बाद केन्द्रीय मंत्री शेखावत बाइक पर यात्रा में रवाना हुए। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अंकित चेची बाइक पर उनके साथ रहे। प्रदेश महामंत्री जगवीर छाबा, वनिता सेठ महापौर उप महापौर किशन लड्ढा सहित भाजपा नेता इसमें शामिल हुए।
रैली के संयोजक शोभित राठी ने बताया कि तिरंगा यात्रा बरकतुल्ला स्टेडियम से रवाना होकर शास्त्रीनगर थाना, पाल लिंक रोड, जुना खेडापति, आखलिया चौराहा, बोम्बे मोटर्स सर्कल, आसोपा सर्कल पांचवीं रोड चौराहा से होते हुए जालोरी गेट पहुंची। इसके बाद सोजती गेट, नई सड़क, घण्टाघर चौराहे से होते हुए हाईकोर्ट रोड से पावटा चौराहा तक यात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया। वहां से बलदेवराम मिर्धा सर्कल से सीधे शिप हाउस रोड से होते हुए नागौरी गेट स्थित डॉ.भीमराम अम्बेडकर सर्कल से महामन्दिर चौराहा से पुनः खेतसिंह जी के बंगले से पावटा चौराहा पहुंची। यहां से राईकाबाग ब्रिज, के.एन. कॉलेज से बाल निकेतन से पुलिस लाइन, पशु चिकित्सालय से रातानाडा भाटी चौराहे से रातानाड़ा सब्जी मण्डी से भास्कर चौराहे से होते हुए जेडीए सर्कल पहुंची। यहां से शहीद स्मारक से होते हुए वीर दुर्गादास ओवर ब्रिज से मेडिकल चौराहा, रेजिडेंसी रोड, जलजोग सर्कल से सरदारपुरा ‘सी’ रोड से होते हुए गोल बिल्डिंग से सरदारपुरा ‘बी’ रोड होते हुए गांधी मैदान पहुंच कर सम्पन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में राज्यसभा सांसद राजेन्द्र गहलोत सहित अनेक भाजपा नेता मोटरसाइकिलों पर सवार रहे। अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता व जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। युवा मोर्चा कार्यकर्ता मोर्चा अध्यक्ष गौरव जैन के नेतृत्व में मोटरसाइकिलों पर सवार रहे। महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी साफे पहने और हाथों में तिरंगे झंडे लेकर चलीं।
पोकरण में भी शेखावत तिरंगा यात्रा में हुए शामिल
पोकरण में भारतीय जनता पार्टी की तिरंगा यात्रा में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत तिरंगा लगी बाइक के साथ शामिल हुए। महन्त प्रतापपुरी महाराज केन्द्रीय मंत्री शेखावत के साथ बाइक पर पीछे बैठे। पोकरण की हर गली से गुजरी भव्य यात्रा में केन्द्रीय मंत्री शेखावत का अनेक स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। शेखावत ने कहा कि वीरों की धरा पोकरण में भव्य तिरंगा यात्रा कर विशेष गर्व की अनुभूति हुई। महन्त प्रतापपुरी महाराज के साथ बाइक पर सवार होकर भारत माता की जय जयकार करते कार्यकर्ताओं के साथ होने का अवसर सौभाग्य से कम न था। हम साथियों ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया
भारत-पाक विभाजन के समय 1947 में देश के लाखों लोगों ने बंटवारे के दंश को झेला। तब अपनी जान गंवाने वाले लाखों भाइयों और बहनों के संघर्ष व बलिदान की याद में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा के नेतृत्व में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तौर पर मनाया गया। शाम 7.30 बजे सोजती गेट के भीतर स्थित झूलेलाल मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विभाजन की विभिषिका के संस्मरण सुनाए तो लोग अचंभित रह गए। यहां पर एक प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभाजन की दुःखद यादों को चित्रों के रूप में प्रदर्शित किया गया। डॉक्यूमेंट्री के जरिए बताया गया कि किस प्रकार लोगों ने बंटवारे के समय यातनाओं को झेला है। केन्द्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत भी इस दौरान उपस्थित रहे।