गो हत्या का राग अलापने वाली भाजपा अब क्यों नहीं लाती गोवध रोकने का राष्ट्रीय कानून : लोढ़ा
नगर पालिका में रेगर समाज के पट्टा वितरण समारोह में विधायक ने भाजपा पर कसे तंज
JAYNTILAL DANA SIROHI
शिवगंज। मुख्यमंत्री सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि जिस समय केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी उस समय भाजपा पूरे देश में गो हत्या रोकने के लिए आंदोलन चलाती थी। अब जब पिछले नौ साल से केन्द्र में भाजपा की सरकार है तब भी गोवध हो रहा है, अब कोई आंदोलन क्यों नहीं करता, क्यों नहीं केन्द्र सरकार गोवध रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर कानून ला रही है। इसका किसी के पास कोई जवाब नहीं है। विधायक लोढ़ा सोमवार की शाम को नगर पालिका परिसर में रेगर समाज भवन के पट्टा वितरण समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष वजींगराम घांची ने की। विशिष्ठ अतिथि के रूप में पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती चंपादेवी कुमावत तथा नगर कांगे्रस अध्यक्ष मदन माली उपस्थित थे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने केन्द्र में भाजपा की सरकार पर जोरदार तंज कसे। विधायक ने कहा कि गोमाता हम सभी के लिए पुजनीय है। लेकिन विडम्बना है कि आज भी सुर्योदय होते ही हजारों की संख्या में गोवंश कट जाता है। ऐसा इसलिए हो रहा है कि भाजपा को दौलत चाहिए। विधायक ने कहा कि आंकडे उठाकर देखा जाए तो पूरे विश्व में गो मांस बेचने में भारत पहले नंबर पर आता है। इसकी वजह यह है कि केन्द्र में भाजपा की सरकार गो मांस तैयार करने के लिए जो मशीने आती है उस पर सब्सिडी प्रदान कर रही है। विधायक लोढ़ा ने कहा कि पहले जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी उस समय भाजपा पूरे देश भर में गोहत्या रोकने के लिए आंदोलन किया करती थी। अब देश में पिछले नौ साल से भाजपा की सरकार है। अब आंदोलन क्यों नहीं होते, गोवंश तो निरंतर कट रहा है। क्यों नहीं भाजपा की सरकार गोवध रोकने के लिए राष्ट्रीय कानून ला रही है। विधायक ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा की कथनी व करनी में काफी फर्क है। गो हत्या रोकने के लिए जो आंदोलन होते थे वे भाजपा को सत्ता में लाने मात्र के लिए थे। अब गोहत्या पर कोई नहीं बोल रहा है। विधायक लोढ़ा ने कहा कि गोवंश के लिए राजस्थान की गहलोत सरकार ने जो अब तक कार्य किया है उसमें राजस्थान पहले नंबर पर है।
विधायक लोढा ने कहा कि पिछले साढे चार साल के दौरान गहलोत सरकार ने जो विकास के काम करवाए है उससे राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में खडा हुआ है। विधायक ने शिवगंज में करवाए गए कार्यो का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने यहां पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय, रिवर फ्रंट, जिला अस्पताल, जनजाति बालिका आश्रम छात्रावास, महिला महाविद्यालय, कन्या विद्यालय, डिग्गी नाडी का सौन्दर्यकरण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत करवाए है। इनमें से अधिकांश कार्य पूर्ण हो चुके है। जब एक शहर में इतने काम हुए है तो आप अंदाजा लगाए कि पूरे प्रदेश में विकास के कितने कार्य हुए होंगे। विधायक ने कहा कि भाजपा सरकार में आने से पहले स्मार्ट सिटी का सपना दिखाया करती थी। पिछले नौ साल के दौरान देश का कौनसा शहर ऐसा है जो स्मार्ट सिटी में तब्दील हुआ है यह कोई बताएं तो सही। विधायक लोढ़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कहा करते थे कि भाजपा को केन्द्र में लाओ विदेशी बैंकों में जमा काला धन वापस लाएंगे। वे कहते थे कि विदेशी बैंकों में रखा काला धन भारत आएगा तो प्रत्येक नागरिक के पास 10 से 15 लाख रूपए होंगे। लेकिन आंकडों को देखे तो पिछले दो साल में विदेशों में भारत का काला धन ५० प्रतिशत बढा है। विधायक ने कहा कि आज देश में महंगाई चरम पर है, लोगों को रोजगार नहीं मिल रहा है, प्रत्येक व्यक्ति की आमदनी बढऩी चाहिए थी वह घट रही है। प्रत्येक वस्तु पर जीएसटी लगाने की वजह से लोगों की हालत आमदनी अठ्ठनी खर्च रूपया वाली हो गई है।
इसके विपरित राजस्थान में गहलोत सरकार के प्रबंधन की वजह से कोरोना के बावजूद प्रदेश के विकास की गति बढी है। चिकित्सा के क्षेत्र में काफी निर्णायक कदम उठाए गए है। चिरंजीवी योजना प्रदेश वासियों के लिए संजीवनी साबित हो रही है। प्रशासन गांवों के संग एवं शहरों के संग अभियान के दौरान आम जनता को काफी राहत प्रदान की गई है। पिछले साढे चार साल के शासन काल में विकास के कामों से राजस्थान को नई ऊंचाई मिली है।
रेगर समाज को प्रदान किया एकल पट्टा
इस अवसर पर विधायक संयम लोढ़ा ने रेगर समाज को एकल पट्टा प्रदान किया। इससे पूर्व रेगर समाज की ओर से विधायक लोढ़ा एवं पालिकाध्यक्ष का साफा एवं पुष्पहार पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी नीलकमलसिंह राणावत, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश मीना, पार्षद कस्तुर घांची, नारायणलाल परिहार, अल्पेश गहलोत, मालमसिंह, जयंतिलाल सोनी, सहवृत सदस्य महेन्द्र राठौड, राजेन्द्र माली, अरविंद परारिया, गोशाला अध्यक्ष बाबूलाल परिहार,रूपाराम हिंडोनिया, पूर्व पार्षद शंकरलाल कुमावत सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।