मंडल रेल प्रबंधक ने स्वच्छ पर्यावरण के लिए वृक्षारोपण कर दिया संदेश
रेलवे: हर्षोल्लास से मनाई महत्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जयंती
जोधपुर। जोधपुर मंडल कार्यालय में रविवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। जयंती समारोह की शुरूआत मंडल रेल प्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय ने दीप प्रज्जवलित कर व फोटो चित्र पर पुष्प अर्पित किए।
डीआरएम ने संबोधित करते हुए कहा की आज हम स्वतंत्र भारत में खड़े हैं आजादी की खुली सांस ले रहे हैं यह बहुत बड़ा योगदान है और दोनों महापुरुषों के जीवन से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए व उनके आदर्शों को अपने परिवार और बच्चों के दैनिक जीवन में अपनाने चाहिए।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर रेलवे पर उनके स्वच्छता के प्रति संकल्प को पूर्ण करने के लिये 16 सितंबर से 2 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाडा आयोजित कर जन जागरूकता अभियान चलाए गए। गांधी जयंती के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री गीतिका पांडेय ने मंडल रेल परिसर में पौधरोपण कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि स्वच्छता का यह प्रयास पखवाड़े तक ही सीमित ना हो अपितु हम सब इसे अपनी जीवनशैली में अपनाएं और इसकी निरंतरता को बनाए रखें।
उल्लेखनीय है कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान जोधपुर रेल मंडल पर अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया जिनमें स्वच्छता शपथ, प्रत्येक दिन को अलग-अलग विषयवस्तु (थीम) के आधार पर मनाकर स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का कार्य किया गया। पखवाड़े के दौरान मंडल पर यात्रियों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया, वीडियों क्लिप, पोस्टर, संवाद, सहभागिता, सेमिनार, रैली, पेंटिंग, वृक्षारोपण सहित अन्य माध्यमों से जागरूकता के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज जैन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जितेंद्र मीणा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) मुकेश मीणा, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अजीत कुमार समेत सभी अधिकारियों व कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों को पुष्पांजलि अर्पित की। मंच संचालन मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ अरविंद कुमार ने किया।
मंडल परिसर में किया श्रमदान
मंडल रेल प्रबंधक द्वारा इस अवसर पर पौधरोपण किया गया एवं स्वच्छता अभियान के तहत मंडल के अधिकारियों कर्मचारियों एवं संगठन एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बढ़-चढ़कर श्रमदान किया गया।