इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का जोधपुर में किया शुभारंभ
प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग के मुख्य आतिथ्य में हुआ।
जॉब कार्ड्स वितरित किए, सांकेतिक श्रमदान भी हुआ
जोधपुर। इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का शुभारंभ समारोह जोधपुर के उम्मेद उद्यान में प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने योजना का शुभारंभ करते हुए सांकेतिक रूप से पंजीकृत लाभार्थियों को जोब कार्ड्स वितरण कार्य की शुरूआत की।
शुभारंभ समारोह में अतिथियों के रूप में राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्रसिंह सोलंकी, विधायक श्रीमती मनीषा पंवार, महापौर श्रीमती कुन्ती देवड़ा परिहार, श्री सलीम खान, श्री नरेश जोशी, जिला कलेक्टर श्री हिमांशु गुप्ता के साथ ही नगर निगम दक्षिण के आयुक्त श्री अरुण कुमार पुरोहित, नगर निगम उत्तर के आयुक्त श्री अतुल प्रकाश सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं गणमान्य शहरवासी उपस्थित रहे।
*जरूरतमन्दों को मिलेगा जीवन निर्वाह का सम्बल*
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग ने मुख्यमंत्री की जन कल्याणकारी सोच को अंगीकार करते हुए अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के शुभारंभ को प्रदेश के समग्र विकास लिए शुभ संकेत बताया और कहा कि इससे शहरी क्षेत्रों के जरूरतमन्दों को जीवन निर्वाह में सम्बल प्राप्त होगा।
उन्होंने कहा कि 800 करोड़ की लागत से शुरू हुई आज इस योजना के पीछे मुख्यमंत्री की मंशा शहर और ग्राम का समान रूप से विकास करना है। मुख्यमंत्री ने शहर और गांव के विकास के लिए धन की कमी नहीं आने दी और ना ही भविष्य में आने देंगे।
*जनसहभागिता से ही आशातीत सफलता संभव*
प्रभारी मंत्री ने कहा कि 800 करोड की इस वृहद एवं महत्त्वाकांक्षी योजना की सफलता के लिए जनकल्याणकारी मंशा और संवेदनशीलता के साथ ही जन सहभागिता भी आवश्यक। उन्होंने सभी अधिकारियों से संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ इन योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि इस योजना द्वारा शहरों में पर्यावरण सुधार, वृक्षारोपण, सफाई व स्वच्छता सुखे नालों की सफाई, सार्वजनिक स्थलों की सफाई जल स्रोतों की सफाई एवं संरक्षण, रंग-रोगन कार्य, सेवा संबंधी कार्य जैसे विभिन्न कार्य किए जाएंगे, जिनसे शहरों में केपिटल असेट्स का निर्माण होगा।
*पट्टों का वितरण कर लाभान्वित करें*
उन्होंने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप ‘प्रशासन शहरों के संग अभियान’ में पट्टों का वितरण अपेक्षा के अनुरूप किए जाने पर बल दिया और जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से कहा कि वे अपने स्तर पर इस संबंध में नियमित मॉनिटरिंग कर पट्टों का पर्याप्त वितरण सुनिश्चित कराएं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में कोताही करने वालों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।
*कार्यप्रणाली की समीक्षा होगी*
उन्होंने कहा कि आगामी समय में वह स्वयं नगर निगम दक्षिण और उत्तर तथा जोधपुर विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे। व्यक्तिगत रूप से इन सभी विभागों में जाकर वहां के लंबित प्रकरणों व अधिकारियों की परफॉर्मेंस को मॉनिटर करेंगे।
*चहुंमुखी विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध*
प्रभारी मंत्री डॉ. गर्ग ने चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, चिरंजीवी दुर्घटना योजना, ओ पी एस महिलाओं को स्मार्टफोन दिए जाने की योजना, किसान ऊर्जा मित्र योजना, इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले जाने जैसी विभिन्न योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किए गए लागू योजनाओं में हर वर्ग और हर क्षेत्र में लाभ पहुंचाने की मंशा शामिल है। प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए राजस्थान सरकार प्रतिबद्ध है।
*तीव्र विकास प्रवाह जारी*
प्रभारी मंत्री ने कहा कि इन जन कल्याणकारी योजनाओं के साथ-साथ सभी संबंधित विभागों द्वारा मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राजस्थान के इंफ्रास्ट्रक्चर, इकोनॉमिकल, इंडस्ट्रियल, सोशल, एजुकेशनल डेवलपमेंट आदि विभिन्न गतिविधियों के लिए अपनी गति से कार्यों को संपादित किया जा रहा है।
*आमूलचूल बदलाव की योजना*
राजस्थान पशुधन विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र सिंह सोलंकी ने इस योजना को मनरेगा की ही तरह शहरी जरूरतमन्दों के जीवन में आमूलचूल बदलाव लाने वाली बताया और इसके क्रियान्वयन से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि योजना की आशातीत सफलता के लिए पूरी निष्ठा एवं निःस्वार्थ भाव से कार्य करें और लोगों को राहत का अहसास कराएं।
*मुख्यमंत्री की महत्त्वाकांक्षी योजनाओं में शुमार*
शहर विधायक श्रीमती मनीषा पवार ने सरकार की जनकल्याणकारी सोच और मंशा के बारे में अवगत कराते हुए कहा कि अनन्त चतुर्दशी के पावन एवं शुभ अवसर पर आरंभ हो रही यह योजना मुख्यमंत्री की महत्त्वाकांक्षी योजनाओं में से एक है। उन्होंने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया और आमजन से इनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
*अधिकाधिक जरूरतमन्दों को करें लाभान्वित*
समारोह को संबोधित करते हुए महापौर श्रीमती कुन्ती देवड़ा परिहार ने कहा कि मनरेगा की तर्ज पर इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना का संचालन होगा, जिसके अंतर्गत मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप सभी नगर निकायों द्वारा अधिक से अधिक लोगों को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
महापौर ने सभी से अपील की कि इस योजना के बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक और प्रेरित करें। उन्होंने योजना से संबंधित सभी कर्मचारियों और अधिकारियों से भी कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस योजना की सफलता के लिए पूरी संवेदनशीलता और कर्त्तव्य निष्ठा के साथ संयुक्त रूप से कार्यों का प्रभावी संपादन करें।
आरंभ में अतिथियों का स्वागत नगर निगम (उत्तर) के आयुक्त श्री अतुल प्रकाश ने किया। अंत में नगर निगम (दक्षिण) के आयुक्त श्री अरुणकुमार पुरोहित ने आभार व्यक्त किया।
*राज्यस्तरीय समारोह में वर्चुअल रूप से लिया हिस्सा*
इससे पूर्व इन्दिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना के जयपुर में हुए राज्यस्तरीय शुभारंभ समारोह हुआ। इसमें प्रभारी मंत्री डॉ. सुभाष गर्ग सहित तमाम जन प्रतिनिधिगण एवं अधिकारीगण आदि वर्चुअल रूप से जुड़े। इस अवसर पर सांकेतिक रूप से श्रमदान भी किया गया।