आमजन के लिए वरदान साबित होंगे चिरंजीवी स्वास्थ्य शिविर
पाली। मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी स्वास्थ्य शिविरों का आगाज रविवार को जिले में समारोह पूर्वक किया गया। पाली जिले में पहले दिन चार स्थानों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उपचार दिया गया। पहले दिन बलाना ग्राम पंचायत में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का सीएमएचओ डॉ.आरपी मिर्धा ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
सीएमएचओ डॉ.आरपी मिर्धा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 14 नवंबर से से 31 मार्च 2022 तक ग्राम पंचायत स्तर पर मुख्यमंत्री निरोगी राजस्थान चिरंजीवी स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले की 341 ग्राम पंचायतों पर शिविर के साथ-साथ सभी तहसीलों पर दो मेगा शिविर भी लगाए जाएंगे। अभियान के पहले दिन 14 नवंबर को पाली जिले के खारची ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खारची में, देसूरी ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देसूरी, जैतारण ब्लॉक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रास तथा सुमेरपुर ब्लॉक में बलाना ग्राम पंचायत मुख्यालय में शिविर आयोजित किए गए। यह अभियान आमजन को उचित उपचार उपलब्ध करवाने के उद्धेश्य से संचालित किए जा रहे हैं। विशेषकर ग्रामीणजनों को इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से बाल रोग, स्त्रीरोग, नेत्र रोग, दंत रोग, आयुष विशेषज्ञों की उपचार-जांच सेवाओं के अतिरिक्त 48 तरह की खून की जांच, टीबी,लीवर संबंधी रोग, पेट संबंधी, गुर्दा, मलेरिया, ईसीजी, कॉमन कैंसर, प्रसवपूर्व जांचे, सिलीकोसिस व कुष्ठ रोगों इत्यादि गंभीर रोगों की जांच सुविधा भी ग्राम पंचायत स्तर पर ही उपलब्ध करवायी जा रही है। इन शिविरों में गंभीर रोगों से ग्रसित रोगियों की पहचान कर उन्हें उच्च चिकित्सा संस्थानों पर सर्जरी-उपचार के लिए रैफर किया जायेगा। शिविर में इंटरनेट के माध्यम से ई-टेली कंसलटेंसी के जरिए सुपर स्पेशलिटी व स्पेशलिस्टों की ऑनलाईन कंसलटेंसी सेवा के लिए जोड़ा जायेगा।