जेडीए दस्ते ने अवैध निर्माण कार्यों को करवाया बंद
जोधपुर। जोधपुर विकास प्राधिकरण के अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा ग्राम डिगाड़ी में सेना के निर्माण निषेध क्षेत्र में चल रहे अवैध निर्माण कार्यों को बंद करवाया गया। प्राधिकरण आयुक्त कमर चौधरी के निर्देशानुसार प्राधिकरण दस्ते द्वारा नियमित रूप से अवैध, अनाधिकृत निर्माणों, अवैध कॉलोनियों, पार्किंग के इतर निर्मित बहुमंजिला इमारतों, सडक़ मार्गाधिकार के अतिक्रमणों तथा विभिन्न अन्य अतिक्रमणों पर सख्त कार्यवाही की जा रही है।
प्रवर्तन अधिकारी पूर्व प्रवीण गहलोत ने बताया कि प्राधिकरण उपायुक्त पूर्व अनिल पूनिया के निर्देशानुसार अतिक्रमण निरोधक दस्ते द्वारा ग्राम डिगाड़ी का मौका निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान ग्राम डिगाड़ी खसरा संख्या 177/4 आर्चायों की ढाणी, शिकारगढ़ में लगभग 30 गुणा 35 फीट में नीवें खोदकर व नीवों के अन्दर कांकरी की कुटाई की हुई पायी गयी तथा ग्राम डिगाड़ी में 30 गुणा 30 फीट में मकान का अवैध निर्माण प्रगतिरत पाया गया। इसी तरह ग्राम डिगाड़ी के खसरा संख्या 108 व 109 ग्लोबल स्कूल रोड़, शिकारगढ़ जोधपुर में लगभग 65 गुणा 71 फीट में लगभग 34 गुणा 33 फीट में मकान व लगभग 33 गुणा 14 फीट में लोहे के टीनशेड़ निर्माण कर व शेष भूखण्ड़ पर छीणें खडी कर हरा केनवास व तारबन्दी पायी गयी एवं इसी खसरे के विष्णु नगर के सामने शिकारगढ़ में लगभग 26 गुणा 60 फीट में मकान का निर्माण छीणावसु तक प्रगतिरत पाया गया।
दस्ते द्वारा मौके पर प्रगतिरत अवैध निर्माण कार्यों को बंद करवाते हुए निर्माण में काम आने वाले औजारों को जब्त कर प्राधिकरण कार्यालय लाया गया। दस्ते द्वारा मौके पर उपस्थित अप्रार्थियों को सख्त हिदायत दी गई कि सेना के निर्माण निषेध क्षेत्र में एवं प्राधिकरण की बिना सक्षम स्वीकृति के किसी प्रकार का अवैध निर्माण कार्य नहीं करें। कार्यवाही के दौरान प्रवर्तन निरीक्षक पश्चिम अनिल शर्मा, पटवारी पूर्व सुनील प्रसाद, सेना प्रतिनिधि मय जेडीए अतिक्रमण निरोधक दस्ता मौजूद रहा।