जिला कलक्टर आशीष मोदी ने मृतक के घर जाकर प्रदान की सहायता राशि

जैसलमेर। कोरोना की वजह से असामयिक मृत्यु से प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना के अन्तर्गत सम्बल प्रदान करने के लिए जैसलमेर जिला प्रशासन द्वारा पूरी मानवीय संवेदनाओं के साथ पहल कर राहत प्रदान की जा रही है। इसी योजना के तहत् जिला कलक्टर आशीष मोदी अधिकारियों के साथ जैसलमेर जिले के धऊवा गांव पहुंचे और वहाँ मुख्यमंत्री कोरोना विधवा सहायता  के अन्तर्गत विधवा श्रीमती मीना देवी को सहायता के रूप में एक लाख रुपए एकमुश्त अनुदान राशि का चैक भेंट किया। इसके साथ ही 1500 रुपए प्रति माह पेंशन भी हाथों हाथ स्वीकृत की। उल्लेखनीय है कि धऊवा गांव के रहने वाले 50 वर्षीय शिवनारायणसिंह पुत्र अमृतलाल की 14 मई 2021 को कोरोना से मृत्यु हो गई थी। शिवनारायण बस ड्राईवर का कार्य करते थे, इसी बीच कोरोना पोजिटीव होने पर जैसलमेर जिला मुख्यालय स्थित श्री जवाहिर अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उन्हें बचाया नहीं जा सका और मृत्यु हो गई। शिवनारायण अपने पिता की इकलौती संतान थे। उनकी पत्नी मीना देवी गृहिणी के रूप में घरेलू कार्य करती हैं। शिवनारायण सिंह के दो पुत्र हैं, और दोनों ही वयस्क हैं। बड़ा पुत्र मोतीसिंह और छोटा पुत्र अशोक सिंह हैं तथा दोनों ही मजदूरी का काम करते हैं। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने शिवनारायण सिंह के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त की और दुःख जताया तथा परिवार की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

सरकार व जिला प्रशासन का आभार जताया

इस दौरान मृतक शिवनारायण सिंह की पत्नी मीना देवी ने सहायता राशि के लिए प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार जताया और पति की मृत्यु के एक माह पूरे होने से पहले ही सारी कार्यवाही पूरी कराकर चैक प्रदान करने के लिए घर आने पर जिला कलक्टर का धन्यवाद ज्ञापित किया।

लक्ष्य के अनुरूप वैक्सीनेशन में पूर्णता लाएं

जिला कलक्टर ने इस दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से क्षेत्र में वैक्सीनेशन की प्रगति की जानकारी ली और टीकाकरण के लक्ष्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों से चर्चा करते हुए जिला कलक्टर ने वैक्सीन लगवाने की अपील की और कहा कि कोरोना संक्रमण से बचाव एवं रोकथाम में गाईड लाईन व हिदायतों के पालन के साथ ही वैक्सीनेशन की भी अहम् भूमिका है इसलिए अनिवार्य रूप से दोनों ही चरणों का वैक्सीनेशन करवाएं। 

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button