पुनाड़िया की छह माह की गुनगुन को मिला नया जीवन
पाली। पाली जिले के रानी ब्लाॅक की पुनाड़िया गांव में छह माह पूर्व जन्मी गुनगुन के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम नया जीवन लेकर आया है। हृदय रोग से ग्रसित छह माह का कोरोना काल में जयपुर स्थित फोर्टिस हॉस्पिटल जयपुर में निःशुल्क सफलता पूर्वक आॅपरेशन हुआ है।
सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा ने बताया कि पाली जिले के रानी ब्लाॅक के अंतर्गत पुनाड़िया गांव के रहने वाले भगाराम देवासी के यहां छह माह पूर्व एक बच्ची, जिसका नाम गुनगुन का जन्म हुआ। बच्ची को दूध पीने में परेशानी हो रही थी, शरीर भी नीला पड़ जाता, वजन भी नहीं बढ़ पा रहा था तथा अन्य कई बीमारी से ग्रसित होना बताया जा रहा था। इसके लिए गुनगुन के पिता कई जगह डाॅक्टरों को दिखाया गया। मगर इलाज लागू नहीं हो पाया। इस दौरान गुनगुन का नामांकन पुनाड़िया गांव के आंगनवाड़ी द्वितीय में कार्यकर्ता इंदूबाला व आशा सहयोगिनी रंजन सुथार द्वारा इस केंद्र पर अंकित करवाया गया। इस आंगनवाड़ी में टीकाकरण सहित अन्य कार्यों की वजह से वहां पर कार्यरत एएनएम रतन मकवाना की विजिट होती रहती। बच्ची की हालत देखकर एएनएम मकवाना ने इनके परिजनों से बीमारी के बारे में पता किया। हालांकि गुनगुन के पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण वह महंगा इलाज करवाने में असमर्थ था। क्योंकि गुनगुन के पिता भगाराम मुंबई में चाय की दुकान चलाता है। परिजनों से बातचीत के दौरान एएनएम ने रानी ब्लाॅक में कार्यरत आरबीएसके टीम से मिलने एवं इस बारे में आरबीएसके टीम को सूचित किया। आरबीएसके टीम में डाॅ.हरमत परमार, डाॅ.नीतू राठौड़, डाॅ.शांतिलाल व डाॅ.मोहसिन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची की स्वास्थ्य जांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी पर बच्चों के डॉक्टर से करवाई। वहां के डॉक्टर की सलाह पर रानी बीसीएमओ डाॅ.जितेन्द्र पुरोहित के नेतृत्व में टीम ने जिला स्तर पर आरसीएचओ डाॅ.उजमा जबीन, आरबीएसके के एडीएनओ डॉ. शिवशंकर शर्मा, डीआईसी सेंटर समन्वयक अजरुदीन, विनोद पुरोहित से संपर्क कर बच्ची के स्वास्थ्य जांच के लिए जिला अस्पताल पर लाया गया तथा आॅपरेशन के लिए इस बच्ची के दस्तावेज तैयार कर राज्य सरकार द्वारा एन्पेनल्ड फोर्टिस हाॅस्पिटल जयपुर भिजवाए गए। जिसका हाल ही में 21 जून को सफलतापूर्वक हदय का आॅपरेशन हुआ। बालिका गुनगुन को नया जीवन मिलने पर इनके पिता भगाराम देवासी ने पाली सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा एवं चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त किया है।