लाॅकडाउन में तीन वर्षीय विरेन्द्र का फ्री में हुआ हृदय का आपरेशन
पाली। जिले के जैतारण क्षेत्र के कोटड़िया गांव के रहने वाले विरेन्द्र के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम वरदान साबित हुआ है। हृदय रोग से पीड़ित तीन वर्षीय विरेन्द्र की कोरोना काल में जयपुर स्थित नारायणा हृदयालय अस्पताल में निःशुल्क सफलतापूर्वक आॅपरेशन हुआ है।
सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा ने बताया कि चिकित्सा विभाग की ओर से पाली जिले में 18 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों के स्वास्थ्य के लिए राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत जिले के प्रत्येक ब्लाॅक में आरबीएसके की टीमें नियुक्त है। इस अभियान के तहत जैतारण में भी आरबीएसके की टीम नियुक्त है। इस टीम में डाॅ. डाॅ.राकेश कुमावत की टीम द्वारा गत दिनों क्षेत्र के कोटड़िया गांव में संचालित हो रहे आंगनवाड़ी केंद्र द्वितीय पहुंच कर वहां पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य जांच परीक्षण के दौरान वहां पर तीन वर्षीय विरेन्द्र पुत्र नरसिंह के स्वास्थ्य की जांच की गई, जांच के दौरान विरेन्द्र के हृदय रोग से ग्रसित पाया गया। आरएसबीके टीम के द्वारा इस बालक का निःशुल्क आॅपरेशन के लिए इनके पिता नरसिंह व अन्य परिजनों से संपर्क किया।
आरसीएचओ डाॅ.उजमा जबीन ने बताया कि जिला मुख्यालय पर राजकीय बांगड़ अस्पताल परिसर में स्थित डीईआईसी भवन में टीम द्वारा विरेन्द्र को जांचों व उपचार के लिए रैफर किया गया, जहां पर कार्यरत डीईआईसी मैनेजर अजहरूदीन कुरैशी व फार्मासिस्ट विनोद राजपुरोहित ने इस बालक के दस्तावेज तैयार कर राज्य सरकार द्वारा एन्पेनल्ड नारायणा हृदयालय अस्पताल जयपुर भिजवाए गए। जिसका पिछले दिनों 10 जून को सफलतापूर्वक हदय का आॅपरेशन हुआ। अमूमन इस प्रकार के आॅपंरेशन के लिए 3 से 4 लाख रूपए तक का अस्पताल में खर्च आता है। मगर वीरेन्द्र का आरबीएसके के अंतर्गत निःशुल्क ईलाज हुआ। पाली जिले में वर्तमान वित्तीय वर्ष 2020-21 में जिले में हदय रोग से संबंधित कोरोनाकाल के दौरान तीसरी बड़ी सर्जरी हुई है। वीरेन्द्र को नई जिन्दगी मिलने पर इनके पिता नरसिंह ने पाली सीएमएचओ डाॅ.आरपी मिर्धा एवं चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त किया है।