लो फ्लोर बसों के संचालन की कवायद शुरू
जोधपुर। शहर में एक बार फिर लो फ्लोर बसों के संचालन की कवायद शुरू कर दी गई है। नगर निगम उत्तर के बोर्ड गठन के बाद जोधपुर बस सर्विस लिमिटेड की पहली बैठक महापौर उत्तर कुन्ती परिहार की अध्यक्षता में आयोजित की गई जिसमें कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।
महापौर कुन्ती परिहार ने बताया कि राज्य सरकार ने जोधपुर बस सर्विस लिमिटेड की जिम्मेदारी नगर निगम उत्तर को दी है। जनवरी 2016 में बसों के संचालन को लेकर किए गए 5 साल का करार पूरा होने के बाद पिछले लंबे समय से शहर में लो फ्लोर बसों का संचालन बंद है। बसों का संचालन वापिस शुरू करने को लेकर पहली बैठक की गई। उन्होंने बताया कि बैठक में टेंडर प्रक्रिया करने प्रस्ताव पारित किया गया और शीघ्र ही टेंडर जारी करने के निर्देश दिए गए। महापौर उत्तर कुन्ती देवड़ा परिहार ने बताया कि शहर के 5 रूट पर 39 बसों का संचालन किया जाएगा, इसके 3 वर्ष तक संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। उन्होंने बताया कि उम्मीद है अगस्त महीने में लो फ्लोर बसों के संचालन का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में उपमहापौर अब्दुल करीम जॉनी, नगर निगम आयुक्त उत्तर रोहिताश्व तोमर, सीनियर टाउन प्लानर भूपेंद्र कुमार, एससी पीएस तंवर, जोधपुर बस सर्विस लिमिटेड के कंपनी सचिव नीलम भंडारी, कन्वीनर नरेंद्र सिंघवी, महापौर निजी सचिव नितिन गहलोत मौजूद थे।