700 से अधिक सफाई कर्मचारी होंगे नियमित
जोधपुर। नगर निगम में 2018 में भर्ती किए गए सफाई कर्मचारियों के परिवीक्षा काल पूरा होने के बाद नगर निगम उत्तर ने सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को पूरा कर लिया है और अगले 1 सप्ताह में 700 से अधिक सफाई कर्मचारियों को नियमितीकरण का तोहफा मिलेगा।
महापौर उत्तर कुन्ती परिहार की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सफाई कर्मचारियों की नियमित करने के निर्णय पर अंतिम मुहर लगाई गई। महापौर उत्तर कुन्ती परिहार ने बताया कि 2018 में नगर निगम में भर्ती किए गए सभी सफाई कर्मचारियों की परिवीक्षा काल की अवधि पूरी हो चुकी है। परिवीक्षा काल पूरा होने के साथ ही उन्हें नियमित करने की मांग लगातार की जा रही थी। कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम उत्तर में 700 से अधिक सफाई कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया है। महापौर ने बताया कि नगर निगम आयुक्त उत्तर रोहिताश्व तोमर को निर्देश दिए गए थे नियमितीकरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए जिसके बाद निगम अधिकारियों को नियमित करने की प्रक्रिया को लगभग पूरा कर लिया गया है और अगले 1 सप्ताह में सभी कर्मचारियों को नियमितीकरण का तोहफा दिया जाएगा। महापौर उत्तर कुन्ती परिहार ने उम्मीद जताई कि सफाई कर्मचारियों को नियमित करने के बाद शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त बजरंग सिंह, एसई पीएस तंवर मौजूद थे।