रोवर रेंजर्स ने मनाया विश्व महासागर दिवस
जोधपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड जिला जोधपुर के रोवर रेंजर्स ने विश्व महासागर दिवस के अवसर पर पोस्टर्स बनाकर महासागरों के महत्व और इनको प्रदूषित होने से बचाने के संदेश दिए। प्लास्टिक चैलेंज के प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर शिवम मिश्रा के अनुसार में जिले के 44 रोवर्स रेंजर्स ने पोस्टर बनाकर महासागर के महत्व बताया।
प्रतिभागी रोवर रेंजर्स ने खाद्य सुरक्षा, जैव विविधता, पारिस्थितिक संतुलन, सामुद्रिक संसाधनों के अंधाधुंध उपयोग, जलवायु परिवर्तन आदि महासागर से जुड़े पहलुओं को उकेरा। महासागर विषयक चिंतन संगोष्ठी में सीओ गाइड सुयश लोढा ने कहा महासागरों को स्वच्छ रखने के लिए नदियों के जल को प्रदूषित होने से रोके। महासागर धरती पर मौसम व वैश्विक समृद्धि के लिए अत्यंत उपयोगी है इसलिए प्रकृति के इस अनुपम उपहार को प्रदूषित होने से बचाने के लिए हमें प्रकृति के साथ सामंजस्य बना कर चलना होगा। जिला स्तर पर चयनित प्रविष्टियों में सोनिया सीरवी, खुशबू भाटी, सरिता सांखला, प्रियंका चौधरी, मनीषा राजपुरोहित, कुसुम दाधीच, दिव्यांशी अरोड़ा, गाइड सीमा, गुड्डी प्रजापत, मिहिका गांधी, सरोज चौधरी और अलीशा नाज को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।