निगम को 65 हजार रुपए की सहायता का चेक सौंपा
जोधपुर। कोरोना संक्रमण काल में जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराने को लेकर नगर निगम उत्तर के सहयोग के लिए रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर मिडटाउन भी आगे आया है। रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर मिडटाउन के अध्यक्ष ललित गर्ग, राहुल सिंघवी, भरत कानूनगो ने संस्था की ओर से 65 हजार रुपए का चेक आयुक्त रोहिताश्व तोमर को सौंपा गया है। आयुक्त उत्तर रोहिताश्व तोमर ने बताया कि नगर निगम उत्तर पिछले करीब 2 महीनों से भोजन पैकेट से उपलब्ध करा रहा है। राज्य सरकार के निर्देश पर निगम उत्तर निशुल्क भोजन उपलब्ध करा रहा है, वही भामाशाह का भी लगातार सहयोग मिल रहा है। नगर निगम उत्तर की ओर से अब तक लगभग 35 हजार भोजन पैकेट वितरित किए जा चुके हैं। तोमर ने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर मिड टाउन की ओर से 65 हजार रुपए का सहयोग प्राप्त हुआ है। इस राशि से करीब आठ हजार भोजन पैकेट उपलब्ध करवाए जाएंगे। आयुक्त तोमर ने रोटरी क्लब ऑफ जोधपुर मिडटाउन के सभी पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।