बॉडीगार्ड पर दुष्कर्म का आरोप, FIR दर्ज
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत के पर्सनल बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े पर दुष्कर्म और अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने का मामला दर्ज हुआ है। मुंबई की एक मेकएप आर्टिस्ट ने कुमार पर यह आरोप लगाए हैं। एक इंटरटेनमेंट पोर्टल की खबर के अनुसार मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में कुमार हेगड़े के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पीड़िता ने आरोप लगाए हैं कि पहले कुमार ने शादी का झांसा देकर उनके साथ यौन संबंध बनाए और फिर 50 हजार रुपए लेकर शहर से भाग गया।
पीपिंग मून की खबर के अनुसार कुमार 8 साल पहले पीड़िता के संपर्क में आया था। पिछले साल जून के महीने में उसने पीड़िता को शादी के लिए प्रपोज किया था। कुमार पर कई बार पीड़िता के घर जाकर उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाने के आरोप लगे हैं। पीड़िता ने यह भी बताया कि उसने 27 अप्रैल को कुमार को पैसे दिए थे। इसके बाद वह कर्नाटक चला गया और फिर उसकी मां से बातचीत के दौरान पीड़िता को बता लगा कि कुमार किसी और से शादी कर रहा है। उसकी मां ने पीड़िता से उसके बेटे से दूर रहने को कहा और उस पर शादी का दबाव नहीं बनाने की बात कही।
कुमार हेगड़े को कई मौकों पर कंगना के साथ देखा गया है। उन पर धारा 376 दुष्कर्म, धारा 377 अप्राकृतिक यौन संबंध और IPC की धारा 420 धोखाधड़ी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इससे पहले कंगना रनौत के हेयरस्टाइलिस्ट अलिस्टर डे गी पर भी यौन के शोषण के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने कथित तौर पर एक नाबालिग का यौन शोषण किया था। उनके खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले पर अभी तककंगना रनौत का कोई बयान भी नहीं दर्ज हुआ है। कई मौकों पर कंगना यह भी कहती देखी गई हैं कि कुमार उनके परिवार के सदस्य की तरह हैं। कुछ दिन पहले ही कंगना रनौत ने उसका जन्मदिन बड़े ही उत्साह के साथ मनाया था।