कैच द रैन वेबिनार के साथ नुक्कड़ नाटक आयोजित
सिरोही। नेहरू युवा केंद्र द्वारा जल शक्ति मंत्रालय भारत सरकार के सहयोग से जल सरंक्षण पर जनजागरण कार्यक्रम को लेकर कैच द रेन वेबीनार का आयोजन किया गया। जिला युवा अधिकारी मोहित कुमार ने बताया कि वेबीनार के माध्यम से जिले के 50 से अधिक गांव के युवाओं को विभिन्न विषय विशेषज्ञों एवं वक्ताओं द्वारा जागरूक किया गया। सीओ स्काउट नरेंद्र खोरवाल ने विभिन्न सामग्रियों एवं प्रजेंटेशन के माध्यम से युवाओं को कैच द रेन विषय के बारे में जानकारी प्रदान की। एनएसएस की जिला समन्वयक डॉ. रीना श्रीवास्तव ने युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ जल संरक्षण के उपाय एवं जागरूकता लाने के उपायों पर प्रकाश डाला। जल विभाग से कनिष्ठ अभियंता सत्यवीर सुरेला ने बताया कि कैसे राज्य सरकार के साथ मिलकर इस योजना को आगे बढ़ाया जाएगा एवं जल से जुड़े कुछ तकनीकी जानकारी प्रदान की। सहायक परियोजना समन्वयक कांतिलाल खत्री ने विद्यालयों के साथ मिलकर इस योजना को और आगे कैसे बढ़ाना है इसके ऊपर चर्चा की।
जल संरक्षण का दिया संदेश जल सरंक्षण पर जन जागरण कार्यक्रम के तहत सिरोही में बस स्टैंड चौराहा, सरजावाव चौक व गोयली चौराहा पर फरियाद खान एंड पार्टी द्वारा नुक्कड़ नाटकों के आयोजन किए गए। इसमें ममता गीता व कशिश द्वारा लोक गीतों पर आधारित एकल नृत्य युगल नृत्य व सामूहिक नृत्यों के प्रदर्शन करते हुए आमजन को जल सरंक्षण के संदेश दिए गए। कार्यक्रमों के आयोजन में नेहरू युवा केंद्र के अमित सचदेवा, हीराराम माली ने सहयोग प्रदान किया एवं पूर्व लेखाकार ज्ञान प्रकाश व्यास ने संचालन किया।