ब्राह्मण समाज के पार्षदों का सम्मान
जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो प्रवीणचंद्र त्रिवेदी ने कहा कि समाज के व्यक्ति के किसी बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी यदि वह व्यक्ति समाज के कार्य में तत्पर रहता हैं तथा समाज की सेवा में हमेशा तैयार रहता है तो ही यह बड़ी बात होती है। पार्षदों को जनता की सच्ची सेवा कार्य करने के टिप्स देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति की सफलता में उसके परिवार के साथ साथ समाज का भी बहुत बड़ा योगदान होता है इसे नहीं भूलना चाहिए। यह बात उन्होंने ब्राह्मण समाज की सर्वोच्च संस्था अंतरराष्ट्रीय ब्राह्मण फेडरेशन द्वारा आयोजित पार्षद सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए कही। फेडरेशन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में जोधपुर नगर निगम के दोनों बोर्ड में ब्राह्मण समाज के पार्षदों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में नगर निगम दक्षिण महापौर वनिता सेठ व उत्तर महापौर कुंती देवड़ा ने उपस्थित लोगों से विशेषकर महिलाओं से शहर के विकास में भागीदार बनने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि पूर्व महापौर घनश्याम ओझा ने कहा कि महिलाओं को स्थिति का सदुपयोग करते हुए सर्वांगीण विकास करना चाहिए तभी सभी का भला होगा। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व महापौर रामेश्वर दाधिच तथा न्यूरो सर्जन डॉक्टर नगेंद्र शर्मा ने भी सम्बोधित किया। कार्यक्रम के प्रारंभ में फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष वरिष्ठ अधिवक्ता हस्तीमल सारस्वत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए फेडरेशन की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। जिला अध्यक्ष राजेश सारस्वत तथा कार्यक्रम के संयोजक राजकुमार शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। आईबीएफ के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सुखवाल ने न्यूयार्क से विजुअल सम्बोधित करते हुए घोषणा की कि इसी वर्ष जोधपुर में अंतर्राष्ट्रीय ब्राह्मण कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। जिला अध्यक्ष राजेश सारस्वत ने बताया कि ब्राह्मण समाज के नवनिर्वाचित पार्षद लहरी देवी, इंदिरा राजपुरोहित, पूजा पारिक, रागिनी शर्मा, विजय पुरी, नरेश जोशी, अजय जोशी, मोहित ओझा, सुष्मिता ओझा, सुरेश जोशी, मधुमति बोडा, सुनील व्यास, विकास शर्मा, मुकेश कुमार, राकेश कल्ला, योगेश व्यास, दलपत वैष्णव, पुरुषोत्तम आचार्य को आईबीएफ गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।