सम्भागीय आयुक्त ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों से वीसी के माध्यम से किया संवाद
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। सम्भागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों की राजीव गांधी सेवा केन्द्र वीसी रूम में वीडियो कॉन्फ्रेंस कर अतिरिक्त रजिस्ट्रर, छह जिलों के इकाई अधिकारी प्रबंध निदेशक केन्दीय सहकारी बैंक, महाप्रबन्धक, जिला हॉलसेल भण्डार, मुख्य व्यवस्थापक, क्रय विक्रय सहकारी समितिया से संवाद किया व विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली।
सम्भागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को अपनी सेवाएं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए साथ ही कृषकों के हितार्थ अल्पकालीन कृषि ऋण वितरण खरीफ एवं रबी के लिए प्रबंध निदेशक केन्द्रीय सहकारी बैंको को विभागीय लक्ष्यों की शत् प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया।
सम्भागीय आयुक्त ने इकाई अधिकारियों को बजट घोषणा अनुसार वित्तीय वर्ष 2020-21 के विक्रय सहकारी सतितियों एवं ग्राम सेवा सहकारी समितियों जिनमें गोदाम निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध है उनके प्रस्ताव विभाग को प्रेषित करने तथा जिनमें भूमि नही है वे समितियां सम्बन्धित जिला कलेक्टर से भूमि आवंटन की कार्यवाही करवाकर गोदाम निर्माण के प्रस्ताव विभाग को प्रेषित करने के लिए कहा। सम्भागीय आयुक्त ने समर्थन मूल्य खरीद वर्ष 2020-21 में विभागीय, राजफैड के दिशा निर्देशानुसार खरीद कार्य सम्पादित करने के लिए सम्पूर्ण तैयारियां कर खरीद किए गए कृषि जिंसो को निर्धारित समयावधि में वेयरहाउस में जमा कराने को निर्देश दिए।
उन्होंने जोधपुर संभाग के जिला हॉलसेल भण्डारों के महाप्रबन्धकों तथा मेडिकल व्यवसाय करने वाली क्रय विक्रय सहकारी समिति के मुख्य व्यवस्थापकों को आमजन एवं पेन्सनर्स को अधिकाधिक जैनेरिक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। वीसी में अतिरिक्त रजिस्ट्रार सहकारी समितियां जोधपुर धनसिंह देवल, प्रबंध निदेशक, केन्द्रीय सहकारी बैंक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, उपरजिस्ट्रार राकेश पुरोहित, महाप्रबंधक भण्डार रामचरण मीणा, लाल जसावत चारण, मुख्य व्यवस्थापक जोधपुर क्रय विक्रय सहकारी समिति लि. आदि उपस्थित रहे।