महिलाओं को दी विधिक जानकारी, मास्क बांटे
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष जिला एवं सेशन न्यायाधीश रविन्द्र कुमार जोशी के निर्देशन में महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता अभियान के तहत सामुदायिक सभा भवन इन्दिरा कॉलोनी रातानाडा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सिद्धेश्वर पुरी ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा नेशनल कमीशन फॉर वूमन के तत्वावधान में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सचिव सिद्धेश्वर पुरी ने बताया कि महिलाओं हेतु सम्पत्ति, दहेज, कार्यस्थल पर यौन उत्पीडऩ, एसिड अटैक इत्यादि से संबंधित एवं अन्य बहुत सारे कानून बने हुए है। इसी तरह विधिक सहायता से संबंधित अधिकार तथा महिलाओं के हक में संसद द्वारा भी पारित कई कानूनों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है ताकि महिलाओं को अपने अधिकारों के बारे में जानकारी प्राप्त हो सके। कार्यक्रम में प्राधिकरण के पैनल अधिवक्ता रंजना सिंह मेड़तिया व शीतल शर्मा द्वारा महिलाओं से संबंधित कानूनों तथा उनके अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में राजेन्द्र कुमार गुर्जर, स्वयं सेवी संस्था, मदर वल्र्ड फाउंडेशन के सहयोग से महिलाओं को रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने हेतु होम्योपैथी दवाओं तथा कोविड-19 से बचाव हेतु मास्क का नि:शुल्क वितरण किया गया। कार्यक्रम में सुनिता बेनीवाल, उर्मिला जोशी, मोनिका गहलोत, अनु रांकावत, जुगनु उदावत, शशिकांत डीगल आदि ने भाग लिया।