संभागीय आयुक्त ने विकास कार्यों का किया अवलोकन
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने जेडीए, नगर निगम व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के साथ शहर भ्रमण कर चल रहे विकास कार्यो को देखा व विस्तार से प्रगति की जानकारी लेकर 31 दिसम्बर तक कार्य पूर्ण करने के सार्थक प्रयास करने को कहा। संभागीय आयुक्त ने सबसे पहले गंगलाव तालाब में चल रहे विकास कार्यो का अवलोकन कर पूरे विकास प्लान की मौके पर जानकारी ली व कहा कि चार दिवारी के साथ सीवरेज लाइन डालने, गन्दगी व वेस्ट वॅाटर हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीवरेज लाइन का कार्य एक माह में पूरा कर लें। नगर निगम जलकुंभी हटावे व पम्प लगाकर पानी निकाले। भविष्य में इसमें गंदा पानी नहीं आ पाये इसकी पुख्ता व्यवस्था करें। वर्षा का पानी सही तरह से अंदर जाये। नगर निगम व पीडब्ल्यूडी कार्य को गति प्रदान करें। संभागीय आयुक्त ने बाईजी तालाब में गंदगी हटाने व निरन्तर सफाई कराने के लिए निगम उपायुक्त अयूब खान को निर्देश दिए। उन्होंने वहां दीवार व बंद गेट लगाने के निर्देश दिए ताकि अंदर लोग नहीं जा सके व गंदगी व कचरा नहीं डाल सके। उन्होंने तालाब के अंदर दीवार के पास पौधारोपण करने के भी निर्देश दिए व मलबा, कचरा डालने वालों के विरूद्व कार्यवाही के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने नया तालाब में जेडीए द्वारा करवाये जा रहे कार्यो किनारे की भराई, समतलीकरण का कार्य देखा। उन्होंने तालाब के डवलपमेंट व प्लान की मौके पर जानकारी ली। मौके पर बताया कि तालाब का पानी लगातार दो पम्प लगाकर निकासी किया जा रहा है, उसकी जलकुंभी साफ की जायेगी व तालाब के किनारे सडक का निर्माण व गार्डन, जिम, पौधारोपण कार्य किया जायेगा। संभागीय आयुक्त ने कार्य को 31 दिसम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने शहर भ्रमण के दौरान उम्मेद उद्यान में जाकर वहां नगर निगम द्वारा अमृत योजना में करवाये जा रहे कार्यो को देखा व आगे के प्लान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बनाये जा रहे वॅाकिंग ट्रेक को देखा व उसकी गुणवता में सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यान में पडे मलबे को हटाने व नगर निगम द्वारा नियमित साफ सुथरा रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो भी सूखे पेड गिरे हुए पडे या पूरे सूख गये उन्हें हटाया जावे। उन्होंने भालू की बनी पूर्व की गुफा के खाली स्थान का समतलीकरण करने, पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुरानी बावडी को देखा व वहां दुर्घटना रोकने के लिए पहले की तरह जाली लगाने व आसपास क्षेत्र को विकसित करने को कहा। उन्होंने नगर निगम को सिविल कार्य कराने, रिमॅार्डनिग, गार्डनिग व बेसिक मेन्टीनेस के कार्य, नर्सरी को पुन: विकसित करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने उद्यान में अमृत योजना में लगे बच्चों के लिए झूलों के कार्यो को भी देखा। उन्होंने उद्यान में काम नही आने वाले लाइट के पुराने पोल हटाने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि उम्मेद उद्यान शहर का प्राचीन व सुन्दर उद्यान रहा है, यह सुव्यवस्थित बना हुआ है, जू व शेरों के पिंजरे माचिया में शिफ्ट होने के बाद अब पुन: इसे शहर का सुन्दर उद्यान बनाने के लिए समयबद्धता से कार्य पूर्ण करें व 31 दिसम्बर तक सभी विकास कार्य पूर्ण कर लेगें। उन्होने उद्यान में सफाई कर्मियों की डयुटी के दौरान अनुपस्थिति पर नाराजगी जाहिर की व उन्हें पाबंद करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि उद्यान के प्रवेश द्वारों पर लगे सभी बोर्ड एक ही तरह के बनाये जावे ताकि समानता व सुन्दरता बनी रहे। संभागीय आयुक्त ने पुरानी पाली रोड, पाल रोड, एम्स रोड, सैन्ट्रल स्कूल एकेडमी रोड, विश्वविद्यालय नाला का भी अवलोकन कर अधिकारियों को निर्देश दिए। शहर भ्रमण के दौरान आयुक्त नगर निगम रोहिताश्व सिंह तौमर, उपायुक्त अयूब खान, उपायुक्त जेडीए अनिल पूनिया, निदेशक इंजिनियरिंग लाडूराम, मुख्य अभियंता डी के मीणा, अतिरिक्त मुख्य अभियंता महेन्द्र पंवार, अधीक्षण अभियंता सुखराम चौधरी, सम्पत मेघवाल, अधिशाषी अभियंता पी डब्ल्यू डी राजकुमार माथुर सहित अन्य अधिकारी साथ थे।