बैंक ऑफ बड़ौदा ने वर्चुअल मेगा किसान मेला मनाया
सेवा भारती समाचार।
जोधपुर। बैंक ऑफ़ बड़ौदा द्वारा वर्चुअल रूप से मेगा किसान मेला का आयोजन किया गया। कोविड-19 महामारी के दौरान भी किसानों द्वारा देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने और उनके उत्साहवद्र्धन के लिए राज्य स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक के कार्यपालक निदेशक शांतिलाल जैन ने वर्चुअल रूप से उपस्थित होकर राजस्थान के किसानों के साथ कृषि वित्तीयन संबंधी विचार-विमर्श किया एवं कृषि से संबंधित आधुनिक तकनीकी के भविष्य के बारे में बताया। बैंक ऑफ बड़ौदा के राजस्थान अंचल प्रभारी एवं महाप्रबंधक एमएस महनोत ने भी वर्चुअल रूप से किसानों के साथ कृषि बैंकिंग संबंधी चर्चा करते हुए उनसे बेहतर बैंकिंग सेवा के लिए सुझाव मांगे। किसानों द्वारा दिए गए मूल्यवान सुझावों पर बैंक के जोधपुर क्षेत्रीय प्रमुख सुरेश बुंटोलिया ने शीघ्र अमल करते हुए उन्हें बेहतर ग्राहक सेवा का आश्वासन दिया तथा उन्हें कृषि संबंधी विभिन्न ऋण योजनाओं के बारे में विशेष जानकारी प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि कृषि मेले के दौरान बैंक द्वारा किसानों का सम्मान किया गया तथा बैंक की कृषि संबंधी विविध ऋण योजनाओं के अंतर्गत 325 किसानों को लगभग 20 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर बैंक के जोधपुर क्षेत्र के उप क्षेत्रीय प्रमुख रामेश्वर लाल चौहान व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।