पशु रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ जिला कलक्टर अंश दीप ने दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति लाम्बियां में किया
सेवा भारती समाचार।
पाली। राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत खुरपका, मुहंपका, टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सोमवार को जिला कलक्टर अंश दीप ने दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति लाम्बियां में किया। पशुपालन विभाग द्वारा सोमवार को लाम्बिया गांव में राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रक कार्यक्रम के अन्तर्गत टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया है। जिला कलक्टर ने लाम्बिया में टीकाकरण कार्यक्रम के बारे में पूछताछ कर मौके पर ही पशुओं को टीके लगवाने की कार्यवाही को देखकर आवश्यक निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने लाम्बिया में पशुधन के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए पशु चिकित्सकों को टीकाकरण में पूर्ण मेहनत के साथ शतप्रतिशत उपलब्धि हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भैस व गौ वंश को टीके लगाने के साथ ही बच्छड़ों को 28 दिन के बाद बुस्टर डोज दी जाए। इसके साथ ही 12 डिजीट का बारकोड वाला यूनिक आईडी टेग कान पर लगाया जाए एवं टीकाकरण के पश्चात प्रत्येक पशु का रजिस्ट्रेशन इलाफ साॅफ्टवेयर पर किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण कार्यक्रम में कोविड़ 19 गाईडलाईन की पूरी पालना की जाए। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डाॅ. चक्रधारी गौतम ने बताया कि अभियान के तहत पाली जिले के कुल 7.22 लाख गौवंश व भैस वंश में टीकाकरण किया जाएगा। बच्छड़ों को 28 दिन बाद बुस्टर डोज दी जाएगी। प्रत्येक पशु के रजिस्ट्रेशन शुल्क के रूप में दो रुपयें की राशि देय होगी। उन्होंने बताया कि पाली जिले में विभाग के कुल 184 पशु चिकित्सा सहायक एवं पशुधन सहायक द्वारा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ पाली एवं अन्य प्राईवेट कार्यरत पशुधन सहायकों द्वारा टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। समस्त पशुपालकों को वैक्सीनेटर के द्वारा टीकाकरण करवाने से पूर्व उनके पशुओं को टेग लगाकर रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य है। अन्यथा नो टेग नो वैक्सीनेशन माना जाएगा। इस मौके पर पशुपालन विभाग के पशु चिकित्सक, पशुधन सहायक मौजूद रहे।