वार्ड कमेटी एवं मास्क मित्र अभियान प्रारंभ
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन व नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे जन आंदोलन अभियान के तहत शहर में अब मास्क मित्र बनाए जा रहे हैं, साथ ही वार्ड कमेटी का भी गठन किया जा रहा है।
जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह एवं नगर निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने शुक्रवार को वार्ड कमेटी एवं मास्क मित्र अभियान की शुरुआत की। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिला प्रशासन, नगर निगम, पुलिस प्रशासन कोरोना के प्रति जागरूकता अभियान चला रहा है, साथ ही उन्होंने कहा कि यदि 14 अक्टूबर के बाद कोई भी व्यक्ति बिना मास्क मिलेगा तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम आयुक्त रोहिताश्व तोमर ने बताया कि कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए मास्क ही सबसे कारगर उपाय है। जब तक वैक्सीन नहीं आती है तब तक मास्क को ही वैक्सीन मानकर इसका नियमित उपयोग करना होगा। उन्होंने बताया कि हर व्यक्ति तक मास्क पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन के सहयोग से नगर निगम ने मास्क बैंक की स्थापना की है, इस मास्क बैंक के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति तक मास्क पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। तोमर ने बताया कि इसके लिए प्रत्येक वार्ड स्तर पर वार्ड कमेटी का गठन किया गया है और मास्क मित्र बनाए गए हैं। इस वार्ड कमेटी में नगर निगम वार्ड प्रभारी, पूर्व पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं वार्ड के गणमान्य लोगों को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि हमारा प्रयास है कि 14 अक्टूबर तक प्रत्येक व्यक्ति तक मास्क पहुंचे और जब वह घर से बाहर निकले तो मास्क लगाकर ही बाहर निकले।