मास्क बैंक का उद्घाटन

सेवा भारती समाचार

जोधपुर। जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने भगत की कोठी पीली टंकी के पास नगर निगम द्वारा स्थापित मास्क बैंक का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त (दक्षिण) सुरेश कुमार ओला एवं आयुक्त (उत्तर) रोहिताश्व तोमर भी उपस्थित थे। नगर निगम, जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के सहयोग से शहर में नो मास्क-नो एंट्री और नो मास्क-नो सर्विस कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे है। इसके तहत नगर निगम ने प्रत्येक वर्ग तक मास्क पहुंचाने के उद्देश्य से पहला मास्क बैंक स्थापित किया है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने कहा कि कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मास्क ही सबसे बडी वैक्सीन है। शहर में 85 प्रतिशत से अधिक जनता मास्क का उपयोग कर रही है। शेष 15 प्रतिशत तक मास्क पहुंचाना और उन्हें पहनने के लिए प्रेरित करना हमारे लिए सबसे बडी चुनौती है। कोई भी व्यक्ति मास्क की अनुपलब्धता के चलते बिना मास्क नहीं रहे, इसी उद्देश्य से निगम के सहयोग से मास्क बैंक बनाया गया है।
नगर निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि इस मास्क बैंक में लगभग पांच लाख से अधिक मास्क उपलब्ध कराए जाएंगे। अलग-अलग संस्थाओं के सहयोग से निगम मास्क बैंक में मास्क उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि शहर के निचली बस्तियों, कच्ची बस्तियों में रहने वाले लोगों को मास्क उपलब्ध कराने के लिए मास्क बैंक बनाया गया है। भगत की कोठी पीली टंकी के पास बनाया गए मास्क बैंक को सेंट्रल पॉइंट बनाया गया है यहां से नगर निगम के प्रत्येक मुख्य सफाई निरीक्षक कार्यालय, वार्ड प्रभारी कार्यालय में यह मास्क पहुंचाए जाएंगे, जहां कहीं भी मास्क की आवश्यकता होगी, उन्हें मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। ओला ने कहा कि हमारा प्रयास है कि 14 अक्टूबर तक शहर के प्रत्येक व्यक्ति मास्क पहन कर घर से बाहर निकले।
नगर निगम आयुक्त (उत्तर) रोहिताश्व तोमर ने कहा कि जोधपुर शहर ने हमेशा हर चुनौती को आगे बढक़र स्वीकार किया है। स्वच्छता अभियान के दौरान म्हारो जोधपुर म्हारो मान की तर्ज पर शहर वासियों ने नगर निगम का दिल खोलकर समर्थन किया और यही कारण है कि स्वच्छता सर्वेक्षण में नगर निगम ने अच्छा स्थान हासिल किया। उन्होंने कहा कि जोधपुर शहर के सामने कोरोना के संक्रमण की चैन को तोडऩे की चुनोती है और हमें पूरा विश्वास है कि नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की नो मास्क- नो एंट्री, नो मास्क- नो सर्विस की मुहिम को पूरा समर्थन करेगा और जल्द ही हम कोरोना के संक्रमण को रोकने में कामयाब होगे। इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त आकांक्षा बेरवा, कार्यालय अधीक्षक सुबोध शंकर व्यास सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button