लोक कलाकारों ने दिया कोरोना जागरूकता का संदेश
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। कोरोना संक्रमण के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा चलाए जा रहे जन जागरूकता रथों में बैठकर लोक कलाकारों ने राजस्थानी रंग रंगीली वेशभूषा में कोरोना जागरूकता का संदेश दिया। लोक कलाकारों ने बड़े ही रोचक अंदाज में नो मास्क नो एन्ट्री व नो मास्क नो सर्विस का अलख जगाया। सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी साक्षी पुरोहित ने बताया कि सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे कोरोना संक्रमण जागरूकता अभियान के तृतीय चरण के तहत अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जन जागरूकता रथों के माध्यम से लोगों को कोरोना से बचाव की जानकारी संदेशों व पोस्टर के माध्यम से दी जा रही है। साथ ही सूचना एवं जनसम्र्पक विभाग व जिला सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय जोधपुर द्वारा जारी विभिन्न ऑडियो कोरोना पर जीत के तीन मन्त्र इसका पालन करें निरन्तर, कोरोना से घबराये नही बचाव के उपाय अपनायें, हाथ हमेशा धोएंगे दूरी सबसे रखेंगे आदि चलाए जा रहे है।
लोक कलाकार संगीता मिश्रा, पुष्पेन्द्र गायेल व नटवर सांखला ने कोरोना जागरूकता रथों ने बैठकर न केवल कोरोना जागरूकता का संदेश दिया बल्कि जिन लोगों ने मास्क नहीं लगाया था या गले में लटका रखा था उन्हें टोकतेे हुए कोविड गाइडलाइन की पालना के लिए जागरूक किया। कोविड जागरूकता रथों ने मंगलवार को हाईकोर्ट रोड स्थित सूचना केन्द्र से चलकर, पावटा, महामंदिर, जालोरी गेट, सोजती गेट, घंटाघर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कोरोना संक्रमण से बचाव की गाईडलाईन की पालना सुनिश्चित करवाने का कार्य किया।