37 स्ट्रीट वेंडरों के ऋण आवेदन स्वीकृत
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। प्रधानमंत्री स्व निधि योजना के तहत स्ट्रीट वेंडरों को ऋण उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम की ओर से किए गए प्रयासों के बाद 37 स्ट्रीट वेंडरों के ऋण आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। इस योजना के पात्र लोगों को ऑनलाइन आवेदन करवाने के लिए नगर निगम उत्तर और नगर निगम दक्षिणी कार्यालय में तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया था और आवेदकों के आवेदन अपलोड किए गए थे। नगर निगम जोधपुर दक्षिण के आयुक्त सुरेश कुमार ओला व नगर निगम जोधपुर उत्तर के आयुक्त रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि इस योजना के तहत ठेला, थड़ी, रेहड़ी आदी प्रकार के वेण्डर्स को स्टी्रट वेण्डर्स को 10 हजार रुपए तक का ऋण दिया जा रहा है। ऋण के आवेदन करने के लिए तीन दिन का कैंप नगर निगम दक्षिण पॉलिटेक्नीक कॉलेज परिसर कार्यालय तथा नगर निगम उत्तर सोजती गेट स्थित कार्यालय में लगाया गया था। शिविर में आवेदन करने वाले 37 आवेदकों के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं वहीं 6 स्ट्रीट वेंडरों को ऋण दिया जा चुका है। ओला ने बताया कि सर्वे में पंजीकृत 193 स्ट्रीट वेंडरों को पहचान पत्र और वेंडिंग प्रमाण पत्र दिया जा चुका है। निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि वेंडिंग प्रमाण पत्र व पहचान पत्र के होने से वेण्डर्स को खाध सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वेण्डर्स के परिवार के सदस्यों को नि:शुल्क कौशल प्रशिक्षण तथा सरकार द्वारा दी जाने वाली अन्य वित्तीय सहायता का फायदा मिल सकेगा।