ट्रक ने स्कूटी को मारी टक्कर, डेढ़ साल के मासूम की मौत
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। कायलाना रोड स्थित निजी अस्पताल के सामने स्कूटी सवार परिवार को पीछे से आई एक गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में डेढ़ साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसकी मां व नाना जख्मी हो गए। प्रतापनगर पुलिस ने इस बारे में बच्चें के नाना की रिपोर्ट पर केस दर्ज किया। प्रतापनगर थाने के एएसआई भारूराम ने बताया कि चांदपोल के बाहर जीनगरों का मोहल्ला निवासी ओमप्रकाश पुत्र लक्ष्मणराम जीनगर ने यह रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि वह सुबह अपनी बेटी तमन्ना और दोहिते डेढ़ साल के कनिष्क के साथ स्कूटी पर सवार होकर कनिष्क को टीका लगवाने सेवन सेक्टर न्यू पावर हाऊस की तरफ जा रहे थे। तब कायलाना रोड स्थित डउकिया अस्पताल के सामने पीछे से इंडेन गैस सिलेण्डरों से भरी एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उसकी बेटी तमन्ना और दोहिता कनिष्क उछल कर सडक़ पर गिर गए। तमन्ना का कंधा और पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दोहिते कनिष्क की मौत हो गई। खुद ओमप्रकाश भी कुछ जख्मी हुए। यह ट्रक महावीर गैस एजेंंसी का बताया गया है। पुलिस की तरफ से अनुसंधान जारी है।