पत्रकार प्रवीण लक्षकार पर हमले के विरोध में पत्रकारों में रोष
उपखंड पत्रकार संघ ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग

सोजत। पत्रकार प्रवीण लक्षकार के कथित अपहरण एवं मारपीट की घटना के विरोध में सोजत उपखंड पत्रकार संघ की ओर से सोमवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम उपखंड अधिकारी रविप्रकाश को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा गया। पत्रकार संघ ने घटना की निंदा करते हुए मामले में निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
उपखंड पत्रकार संघ के अध्यक्ष अशोक खीची ने बताया कि जनटीवी के पत्रकार प्रवीण लक्षकार गत 16 सितंबर को जैतारण सरकारी अस्पताल से दवाइयां लेकर निमाज पहुंचे थे। संघ के अनुसार, इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से उनका अपहरण कर सुनसान स्थान पर ले जाकर लोहे के पाइप व सरियों से मारपीट की। हमले में उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आने तथा फ्रैक्चर होने की जानकारी दी गई।
वरिष्ठ पत्रकार ओम पाराशर ने कहा कि पत्रकार के साथ इस प्रकार की घटना चिंताजनक है। उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकारों पर होने वाले हमलों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई की मांग की। संघ ने ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने तथा ऐसे मामलों में सख्त नीति अपनाने की मांग रखी।
पत्रकार संघ ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार संगठन की ओर से प्रदेश स्तर पर आंदोलन एवं विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष अशोक खीची, वरिष्ठ पत्रकार ओम पाराशर, धन्नाराम परिहार, श्याम पाराशर, मीठालाल पंवार, प्रकाश राठौड़, दिलखुश गेहलोत, आमीर रज़ा, नत्थाराम बोराणा, संजय परिहार, अकरम खान एवं लोकेश कुमार सहित पत्रकार मौजूद रहे। वहीं जयनारायण सिंह, राकेश शर्मा, बाबूलाल पंवार, लक्ष्मण राम, जीवाराम चौधरी एवं निर्मल वैष्णव सहित अन्य पत्रकारों ने भी घटना पर रोष जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।