ग्राम आसरलाई में कृषि भूमि पर संचालित अवैध टेक्सटाइल इकाई पर बड़ी कार्रवाई

अडान, प्लांट मशीनरी एवं अवैध ढांचे को मौके पर किया ध्वस्त, विद्युत संबंध विच्छेद

जोधपुर/फलोदी। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाइयों के विरुद्ध जारी कार्रवाई के क्रम में राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, क्षेत्रीय कार्यालय जोधपुर ग्रामीण एवं उपखण्ड प्रशासन देचू की संयुक्त टीम द्वारा मंगलवार को ग्राम आसरलाई में बड़ी कार्रवाई की गई। सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आधार पर की गई औचक जांच के दौरान कृषि भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाई पाए जाने पर मौके पर ही अडान, प्लांट मशीनरी एवं अवैध ढांचे को ध्वस्त किया गया तथा विद्युत संबंध विच्छेद किए गए।

क्षेत्रीय अधिकारी, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, जोधपुर ग्रामीण श्री जगदीश चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्राप्त शिकायत के आधार पर उपखण्ड अधिकारी, देचू के नेतृत्व में संयुक्त टीम द्वारा ग्राम आसरलाई स्थित खसरा संख्या 67 में अचानक दबिश दी गई। कार्रवाई में प्रदूषण नियंत्रण मण्डल, जोधपुर ग्रामीण के अधीक्षण वैज्ञानिक अधिकारी श्री दीपक ओझा, तहसीलदार सेतरावा, विद्युत विभाग के कार्मिक, स्थानीय पटवारी एवं पुलिस दल शामिल रहे।

मौके की जांच के दौरान कृषि भूमि पर टेक्सटाइल प्रोसेस में प्रयुक्त होने वाले 20 जिगर, 2 पैडिंग एवं अन्य हौदियां आदि मशीनरी एवं संरचनाएं अडान सहित अवैध रूप से स्थापित एवं संचालित पाई गईं। निरीक्षण के दौरान टेक्सटाइल प्रक्रिया से उत्पन्न रासायनिक अपशिष्ट जल को खुले में भूमि पर छोड़ा जाना भी पाया गया।

संयुक्त टीम द्वारा जेसीबी की सहायता से मौके पर ही समस्त प्लांट मशीनरी एवं अवैध ढांचे को ध्वस्त किया गया। साथ ही संबंधित विद्युत संबंध भी विच्छेद किए गए। प्रदूषण नियंत्रण मण्डल की टीम द्वारा मौके से अपशिष्ट जल के नमूने भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें आगामी विश्लेषण के लिए क्षेत्रीय प्रयोगशाला, जोधपुर में जमा करवाया जाएगा।

क्षेत्रीय अधिकारी श्री जगदीश चौधरी ने बताया कि कृषि एवं आवासीय भूमि पर अवैध रूप से संचालित टेक्सटाइल इकाइयों के संबंध में विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। ऐसी इकाइयों के खाताधारकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाने एवं खातेदारी निरस्त करने की कार्रवाई स्थानीय उपखण्ड प्रशासन द्वारा नियमानुसार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मण्डल द्वारा जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर क्षेत्र में अवैध टेक्सटाइल इकाइयों एवं पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों के विरुद्ध निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाएगी। पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों एवं इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button