रक्तदान कर 105 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं ने दिया मानव सेवा का संदेश
जोधपुर। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में बुधवार को तेरापंथ युवक परिषद, सरदारपुरा के तत्वावधान में “रक्तदान कर्तव्य” मेगा ब्लड डोनेशन ड्राइव का आयोजन किया गया। झालामंड स्थित पेन इंडिया मॉल के एलजी फ्लोर पर आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 105 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। शिविर में युवाओं ने विशेष उत्साह दिखाते हुए मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में सहभागिता निभाई।
तेरापंथ युवक परिषद, सरदारपुरा के अध्यक्ष मनसुख संचेती एवं कोषाध्यक्ष जिनेंद्र बोथरा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। समय पर उपलब्ध कराया गया रक्त किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने युवाओं एवं आमजन से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के आयोजन एवं सहयोग में प्रिमियर इन्फोसिस्टस प्रा.लि. की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कंपनी की ओर से अंकित सुरेका, अमित दादसेना, हेमंत बोथरा, शीर्षा रॉयचौधरी एवं जितेंद्र नाहटा ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।
यह आयोजन “Uniting Corporates for Viksit Bharat” की भावना के अनुरूप आयोजित किया गया। कार्यक्रम के प्रायोजक प्रिमियर इन्फोसिस्टस प्रा.लि एवं पेन इण्डिया मॉल, झालामंड जोधपुर रहे।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। आयोजनकर्ताओं ने बताया कि 105 यूनिट रक्त का संग्रहण समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता और मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
आयोजकों ने सफल आयोजन के लिए सभी रक्तदाताओं, चिकित्सा टीम, सहयोगी संस्थाओं,प्रिमियर इन्फोसिस्टस प्रा.लि एवं पेन इण्डिया मॉल, झालामंड प्रबंधन तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।सहयोग टाईम बैंक के रवि सुराणा ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र दिये।रक्तदान शिविर ने युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रेरणादायी संदेश दिया।