जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर SDM ने परखी व्यवस्थाएं, मरीजों से किया संवाद
सोजत। उपखंड अधिकारी रवि प्रकाश ने मंगलवार को राजकीय जिला चिकित्सालय सोजत का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद कर उपचार, दवाओं की उपलब्धता एवं अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
SDM ने अस्पताल के आईसीयू, ओपीडी, लेबर रूम, न्यू बॉर्न आईसीयू सहित विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। साथ ही निर्माणाधीन नवीन अस्पताल भवन का भी अवलोकन कर कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
इस दौरान अस्पताल के पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता मौजूद रहे, जिन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। SDM ने ट्रॉमा सेंटर में आयोजित रक्तदान शिविर का भी अवलोकन किया तथा रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के बाद उन्होंने दिव्यांग सेवा संस्थान पहुंचकर वहां मौजूद दिव्यांगजनों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए।