नीलकंठ महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव कल, मुख्य समारोह में जुटेंगे संत व जनप्रतिनिधि

सोजत। निकटवर्ती ग्राम रेंदड़ी में पिछले चार दिनों से चल रहे श्री नीलकंठ महादेव मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत गुरुवार को भगवान शिव की मूर्तियों की स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा सहित मुख्य धार्मिक समारोह आयोजित होगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।

आयोजन समिति के जीवाराम कड़ोलिया ने बताया कि नव निर्मित श्री नीलकंठ महादेव मंदिर में गुरुवार को प्राण प्रतिष्ठा, मूर्ति स्थापना, कलश स्थापना, ध्वजारोहण, पूर्ण यज्ञाहुति एवं महाआरती जैसे धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। समारोह संतों के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कर्माबाई मंदिर सोजत के मुख्य पीठाधीश बालकदास महाराज, बड़ा रामद्वारा पाली के सुजनदास महाराज तथा मोहराकला स्थित इच्छाधारी बालाजी मंदिर के मुख्य पीठाधीश सुरेंद्रनाथ महाराज विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

समारोह में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल, पाली के पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, जैतारण से पूर्व संसदीय सचिव दिलीप चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी तथा लोकसभा प्रत्याशी श्रीमती संगीता बेनीवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

महोत्सव के दौरान साध्वी विमला बाईसा द्वारा वीर तेजाजी महाराज की कथा का वाचन किया गया। वहीं आचार्य पंडित कन्हैयालाल जोशी भेसाना, युधिष्ठिर शास्त्री एवं पंडित हेमंत तिवारी के सानिध्य में यज्ञ की पूर्णाहुति करवाई जाएगी। आयोजन में हीरालाल फगेडिया, रानीलाल फगेडिया, महेंद्र कडोलिया तथा मदन कुडिया सहित ग्रामीणों का सराहनीय सहयोग मिल रहा है।

आज मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ में श्रद्धालुओ ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सामूहिक आहुतियां देकर धर्म लाभ अर्जित किया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button