रोवर रेंजर गतिविधियां सामाजिक विकास में सहायक: डॉ. मुल्तानी
जोधपुर। राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मण्डल मुख्यालय जोधपुर के तत्वावधान में प्राचार्य एवं रोवर रेंजर लीडर की मण्डल स्तरीय ऑनलाइन संगोष्ठी का आयोजन राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्नालाल के मुख्य आतिथ्य एवं सहायक राज्य संगठन आयुक्त विनोद दत्त जोशी की अध्यक्षता में किया गया। मंडल सचिव डॉ कमल मोहनोत विशिष्ट अतिथि थी।
रोवर रेंजर गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से आयोजित इस ऑनलाइन वेबिनार में जोधपुर मंडल के बाड़मेर, जैसलमेर, जालौर, जोधपुर, पाली और सिरोही जिलों से 52 रोवर लीडर्स, रेंजर लीडर्स एवं 9 ग्रुप लीडर्स पदाधिकारियों ने भागीदारी करते हुए सामाजिक सेवाओं एवं विकास योजनाओं के संदर्भ में चर्चाएं की। इस अवसर पर वेबिनार को संबोधित करते हुए पुष्टिकर महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता मुल्तानी ने कहा कि रोवर रेंजर गतिविधियां हमारे सामाजिक विकास में विशेष भूमिका निभाती है। इसलिए समस्त महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं सीनियर विद्यालयों में नव युवक युवतियों के लिए इस प्रकार की गतिविधियों का संचालन अवश्य होना चाहिए। ग्रुप लीडर डॉ भरत देवड़ा ने युवाओं के चारित्रिक, शारीरिक और बौद्धिक विकास में स्काउट गाइड कार्यक्रमों को सुनिश्चित योजना के साथ संचालित करने हेतु बल दिया। सीओ गाइड सुयश लोढ़ा ने रोवर रेंजर युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए उपराष्ट्रपति अवार्ड प्रतियोगिता एवं सामुदायिक सेवा प्रोजेक्ट के संदर्भ में जानकारी प्रदान की।
वेबिनार में पुष्टिकर महिला महाविद्यालय जोधपुर से डॉ. ममता पंवार, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बाड़मेर से डॉक्टर आदर्श किशोर जाणी, श्रीराम ग्रामीण ओपन रोवर क्रू बीजापुर से प्रभुराम प्रजापति, मरू ओपन रोवर क्रू जैसलमेर से मुकेश हर्ष, राजकीय बीआर अंबेडकर महाविद्यालय बिलाड़ा से डॉ. शशिबाला, राजकीय महाविद्यालय जालोर से सुरेश कुमार एवं ग्रामीण रोवर क्रू रामपुरा सिरोही से दिलीप कश्यप के द्वारा अपने अपने जिला क्षेत्र में संपादित विशिष्ट गतिविधियों के प्रतिवेदन प्रस्तुत किए गए। सीओ स्काउट छतर सिंह पिडियार एवं गोविंदराम मीणा ने वेबिनार संचालन में सहयोग प्रदान किया।