महापौर ने निगम गैराज का निरीक्षण किया
जोधपुर। दक्षिण महापौर वनिता सेठ ने सिवांची गेट गैराज का निरीक्षण किया और नगर निगम के उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करने के निर्देश दिए।
महापौर वनिता सेठ को गैराज प्रभारी ने नगर निगम के वाहनों एवं ठेके पर लगाए गए वाहनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महापौर ने कहा कि सभी वाहन वार्डों में समय पर पहुंचे और पूरी समय अवधि के दौरान वह फील्ड में कार्य करें, इसकी मॉनिटरिंग हो। जिन वाहनों में जीपीएस लगा हुआ है उनकी भी नियमित मॉनिटरिंग होनी चाहिए। निगम के जो भी संसाधन हैं उन सभी संसाधनों का बेहतर तरीके से उपयोग किया जाए। साथ ही जो भी सामान एवं वाहन नकारा हो चुका है उनका नियमानुसार निस्तारण कर नीलामी की कार्यवाही की जाए। इस दौरान पार्षद योगेश व्यास सहित निगम के अधिकारी भी मौजूद थे।