भाजपा ने निगम चुनाव की तैयारियों का किया श्रीगणेश
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। लम्बे अंतराल के पश्चात राजस्थान उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को 30 अक्टूबर से पूर्व नगर निकाय के चुनाव कराने के आदेश दिए है। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने सरदारपुरा स्थित भाजपा प्रधान कार्यालय में निगम चुनाव की तैयारियों का श्रीगणेश करते हुए जिला महामंत्रियों से विचार-विमर्श कर मण्डल एवं मोर्चा अध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भाजपा के संभाग मीडिया प्रभारी जगदीश धाणदिया ने बताया कि शीघ्र ही होने वाले जोधपुर उत्तर एवं दक्षिण निगम चुनाव की तैयारियों के लिये जिलाध्यक्ष देवेन्द्र जोशी ने भाजपा प्रधान कार्यालय में जिला महामंत्री देवेन्द्र सालेचा, डा. करणीसिंह खींची, महेन्द्र मेघवाल एवं कार्यालय मंत्री विजय राजोरिया के साथ बैठक ली। बैठक में निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर मंथन किया गया और आने वाले निगम चुनाव में कांग्रेस सरकार को घेरने की रणनीति पर चर्चा की गई एवं कांग्रेस सरकार की विफलताओं को आमजन के सामने जन-जन तक पहुंचाने के लिये मण्डल एवं मोर्चा अध्यक्ष को दिशा-निर्देश दिये गये। साथ ही आगामी दिनों में होने वाले कार्यक्रमों एवं बैठकों को अन्तिम रूप दिया गया।