कोरोना इलाज को लेकर संभागीय आयुक्त सख्त
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। निजी अस्पतालों में कोरोना संक्रमितों के इलाज को लेकर तय राशि से ज्यादा वसूली करने की शिकायतों को जोधपुर के संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने गंभीरता से लिया है। संभागीय आयुक्त डॉ. समित शर्मा ने निजी अस्पतालों के पदाधिकारियों के साथ अपने कक्ष में बैठक ली और राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर कोरोना का इलाज करने के निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने निजी चिकित्सालयों के संचालकों व प्रतिनिधियों से बैठक में बात करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाले कोरोना मरीजों का उपचार राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर किया जाए। किसी भी सूरत में अधिक दर नहीं वसूली जाए। निजी अस्पताल मरीज को इलाज का जो बिल देते है उसमें पारदर्शिता रखी जाए। बिल के प्रत्येक आइटम का अलग अलग उल्लेख किया जाए। संभागीय आयुक्त ने कहा कि अस्पताल में कोरोना महामारी में निजी अस्पताल ऑक्सीजन सिलेण्डर की पर्याप्त व्यवस्था रखें। उन्होंने इसके लिए सहायक औषधि नियंत्रक राकेश वर्मा को निर्देश दिए कि ऑक्सीजन सिलेण्डर की निर्बाध आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संभागीय आयुक्त ने निजी अस्पतालों को कोरोना मरीजों की बढती संख्या को देखते हुए अपने यहां बेड बढाने के भी निर्देश दिए। संभागीय आयुक्त ने बैठक मे कहा कि कुछ अस्पतालों की अधिक शुल्क वसूलने की शिकायत मिली है ऐसा नहीं हो। आदेशों की कड़ा से पालना की जाएं। बैठक में चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि निजी अस्पतालों द्वारा निर्धारित दरों से अधिक शुल्क वसूलने पर कार्यवाही की जाए। बैठक में संयुक्त निदेशक डॉ. युद्ववीरसिंह राठौड़, उप निदेशक डॉ. सुनील कुमार सिंह बिस्ट, सीएमएचओ डॉ. बलवंत मण्डा, डॉ. मोहनदान व शहर के निजी चिकित्सालय के प्रतिनिधि उपस्थित थे।