जीवन रक्षा की महत्वपूर्ण कड़ी है मास्क
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आह्वान पर मास्क पहनने के लिए 2 अक्टूबर से चलाए जा रहे जन आंदोलन को लेकर जिला कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह ने स्वयंसेवी संस्थाओं, संत, महंतों सहित विभिन्न वर्गो के साथ चर्चा कर इसमें अधिकाधिक सहभागिता निभाने की अपील की। जिला कलेक्टर ने कहा कि संक्रमण की दर को कम करने के लिए हर चेहरे पर मास्क होना बेहद जरूरी है। इसकी शुरूआत हमें खुद से करनी होगी। उन्होंने कहा कि मास्क लगाने के इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए हर व्यक्ति को आगे बढकर इसमें सहभागिता निभानी होगी। साथ ही अन्य लोगों को प्रेरित करना होगा कि जीवन रक्षा के लिए वे मास्क को अपनाएं।
जिला कलेक्टर ने बैठक में उपस्थित सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे सेवा के इस पुनीत कार्य में समर्पण भाव के साथ सहयोग करें ताकि कोरोना के कारण होने वाली मृत्य की संख्या को हम नगण्य स्तर पर ला सकें। हमारे किसी भी नागरिक की लापरवाही के कारण जान नहीं जाएं। कोरोना जैसी महामारी से पार पाने के लिए जागरूकता ही एक अचूक हथियार है। उन्होंने कहा कि मास्क जीवन और मौत के बीच जीवन रक्षा की महत्वपूर्ण कडी है। नगर निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने कहा कि लॅाकडाउन के दौरान जिस तरह विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने ‘कोई भूखा न सोए‘ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरे समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारी निभायी थी उसी तरह मास्क लगाने के जन आन्दोलन को सफल बनाने के लिए भी पूरे मनोयोग से जुटना होगा। उन्होंने कहा कि ऐसे जन आंदोलन एक व्यक्ति या एक संस्था से नहीं बल्कि सभी वर्गो की सहभागिता से सफल होते है। आयुक्त नगर निगम आर एस तोमर ने कहा कि विगत दिनों में देश भर में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढा है। अनलॅाक के बाद से लोग हैल्थ प्रोटोकॅाल उतनी गंभीरता से नहीं ले रहे है जितनी लॅाक डाउन के समय इसकी पालना की थी। उन्होंने कहा कि मास्क ही कोरोना की वैक्सीन है। इसे सभी अपनाएं और जीवन रक्षा की मुहिम में अपना योगदान दें। पुलिस उपायुक्त धर्मेन्द्र कुमार ने कहा कि सभी लोग पुलिस के दबाव या किसी डर से नहीं बल्कि जीवन की महत्ता को समझते हुए आवश्यक रूप से मास्क लगाएं। उन्होंने कहा कि मास्क लगाने से न केवल स्वयं के जीवन की रक्षा होगी बल्कि हमारे सम्पर्क में आने वाले सभी लोग इससे सुरक्षित रहेंगे। स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राज्य सरकार कोरोना के बेहतरीन प्रबंधन के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। हम इन प्रयासों में अपनी सहभागीदारी निभाने में किसी तरह की कमी नहीं रखेंगे। पूरा प्रदेश एक परिवार है और परिवार में हर व्यक्ति का जीवन अमूल्य है। ऐसे में मास्क लगाने के इस जन आंदोलन को सफल बनाने में हम तन-मन-धन से जुटेंगे। उन्होंने इस जन आंदोलन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए। इस संवाद कार्यक्रम में बड़ा रामद्वारा सूरसागर के महंत रामप्रसाद रामस्नेही, राईकाबाग के अचलानंद गिरि, लायंस क्लब के अध्यक्ष पदमसिंह, लायंस क्लब वेस्ट के जितेन्द्र, लांयस क्बब जोधपुर सेन्ट्रल के अध्यक्ष श्रीकंात शर्मा, अरूण रूणवाल,निजी शिक्षण संस्थान वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष बनाराम पंवार, सामाजिक कार्यकर्ता आशा आउडिया, विमल गट्टानी, एस.के. झाझडिया, धर्माराम, एम एल चौधरी, श्याम सुन्दर जाजड़ा, अरूण, रोहित वैष्णव एवं एडीएम सिटी सीमा कविया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत मंडा, नगर निगम तथा स्काउट एवं गाइड के अधिकारी उपस्थित थे।