गर्मी व उमस के कहर के बाद बरसे बादल

सेवा भारती समाचार

जोधपुर। पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे शहरवासियों की आज दुआएं कबूल हुई। भयंकर गर्मी व उमस के कहर के बाद आज दोपहर में जोधपुर में तेज बारिश हुई। इस बारिश के कारण सडक़ों पर पानी के बाळे बहने लगे। शहरवासियों ने बारिश में नहाने का जमकर आनंद लिया। सावन के दो सोमवर बीतने के बाद आई इस बारिश के कारण गर्मी व उमस से भी राहत मिली। जोधपुर में आज सुबह से ही बादल छितराए हुए थे। इसके साथ ही धूप भी खिली हुई थी। लोग गर्मी और उमस से सुबह से ही परेशान थे। यहां बादलों की आवाजाही कुछ दिनों से बनी हुई थी लेकिन मौसम शुष्क रहने पर गर्मी और उमस तीखे तेवर दिखा रही थी। आज सुबह शहर में छितराए बादल छाए रहे लेकिन हवा की थमी रफ्तार के कारण सूर्योदय के साथ ही उमस और गर्मी से लोग बेचैन रहे। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शहर के बाहरी इलाकों में बादलों ने बरसना शुरू किया। इसके कुछ देर बाद जोधपुर में एक ही धार में तेज बारिश शुरू हो गई। एकदम से आई तेज बारिश से सडक़ों पर पानी बहना शुरू हो गया। कई लोगों ने गर्मी से निजात पाने के लिए इस बारिश में स्नान किया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून ट्रफलाइन फलोदी, अजमेर, गुना और सतना होकर गुजर रही है। वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश के पूर्व और पश्चिमी इलाके, बिहार समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, मध्य प्रदेश के उत्तर पूर्वी भाग समेत प्रदेश के पूर्वी जिलों में भी बादलों की आवाजाही के साथ तेज बारिश होने की संभावना है जबकि प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में मानसून की सुस्ती सावन मास में रहने पर दिन व रात में पारा औसत तापमान से ज्यादा रेकॉर्ड हो रहा है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button