जोधपुर में पहला मरीज मिला, तीन दिन पहले तुर्की से लौटा था युवक

  • नगर निगम टीम ने घर को किया सैनेटाइज
  • सेवा भारती कार्यालय संवाददाता

जोधपुर। कोरोना वायरस ने जोधपुर में दस्तक दे दी थी लेकिन अभी तक कोई भी मरीज पॉजीटिव नहीं आने से प्रशासन चैन की नींद सो रहा था। वहीं रविवार को तुर्की से आए व्यवसायी हिमांशु उत्तमचंदानी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने से हडक़ंप मच गया। यह व्यक्ति कुछ दिन पूर्व ही तुर्की से आया था और उसे घर में आइसोलेट होने को कहा गया था और उसकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर शास्त्रीनगर में युवक के मकान के आसपास के क्षेत्र को सील कर दिया। वहीं तुर्की से लौटे परिवार के अन्य सदस्यों की गहन जांच की जा रही है।
जोधपुर संभाग का यह दूसरा करोना पॉजिटिव मरीज है। शनिवार को पाली में भर्ती एक युवक की जांच रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी। यह युवक पाली में भर्ती है। शास्त्रीनगर निवासी 36 वर्षीय हिमांशु उत्तमचंदानी को कोरोना संदिग्ध मान भर्ती किया गया था। उसे खांसी, बुखार व जुकान की शिकायत थी। वह 8 से 17 मार्च तक तुर्की में रहा था। गत 19 मार्च को यह जोधपुर लौटा था। आज सुबह जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर इसका कोरोना से निपटने का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टर इसे एमडीएम अस्पताल में बिलकुल अलग रख देखरेख कर रहे है। कोरोना पीडि़त पाए गए युवक का पूरा परिवार ही तुर्की की यात्रा पर गया था। इस परिवार में दो पुरुष, तीन महिलाएं व एक बच्ची शामिल है। युवक के पॉजिटिव पाए जाने पर परिवार के अन्य सदस्यों को आज सुबह एमडीएम अस्पताल ले जाया गया। इन सभी की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। वहीं पुलिस ने एहतियात के तौर पर इस युवक के मकान के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह से सील कर दिया है। जनता कफ्र्यू के कारण इस क्षेत्र के लोग पहले से घरों में बैठे थे। वहीं पूरे क्षेत्र में दवा का छिडक़ाव कर लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। पीडि़त के घर पर निगम की टीम दवा का छिडक़ाव कर पड़ोस के मकानों में भी छिडक़ाव किया गया है। इनके साथ घरेलू कार्य में सहयोग करने वाली नौकरानी को भी साथ ले जाया गया है। घर को सैनेटाइज करने के साथ पड़ौस के लोगों की जांच की जा रही है और पूरे क्षेत्र में फोगिंग और सैनेटाइज करने के कार्य किए गए हैं।
क्षेत्र में निगम के कर्मचारी कार्रवाई में जुटे रहे। पुलिस भी निगरानी रख रही है। इस क्षेत्र में किसी भी प्रकार के आवागमन को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
वहीं चिकित्सा विभाग पता लगा रहा है कि तुर्की से लौटने के बाद कितने लोग इस युवक के संपर्क में आए। उनकी लिस्ट बनाकर विशेष जांच अभियान शुरू करने की तैयारी है। तुर्की से भारत लौटने के बाद इस परिवार के लोग कहां-कहां गए और कितने लोगों से मिले इसके बारे में पता किया जा रहा है। इसके बाद इन सभी लोगों की जांच की जाएगी। इस पूरे मामले में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व चिकित्सा मंत्री रघु शर्मा तक भी जानकारी पहुंचा दी है। राज्य सरकार ने कई तरह की हिदायतें भी प्रशासन को दी है। उसी अनुसार अब कई एडवाइजरी जारी होगी।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button