बीजेपी शासित सभी राज्यों में जल्द लाएंगे समान नागरिक संहिता

नई दिल्ली/जोधपुर। नई दिल्ली की ठंडी नवंबर की शाम में ‘संविधान गौरव दिवस’ का मंच एक अलग ही आभा से जगमगा उठा। मंच पर खड़े संविधान की कसौटी पर खरे उतरने वाले आधुनिक भारत के चाणक्य अमित शाह ने न केवल इतिहास की परतें खोलीं, बल्कि वर्तमान की चुनौतियों और भविष्य के राष्ट्रीय संकल्प को भी एक सूत्र में पिरोया। उनका पूरा संबोधन संविधान के सम्मान, संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और राष्ट्र के भविष्य को लेकर एक स्पष्ट राजनीतिक दृष्टिकोण पर आधारित था।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने सबसे पहले उन लोगों को आईना दिखाया, जो संविधान को केवल दिखावे के लिए लहराते हैं। उन्होंने संविधान की मूल प्रति का उल्लेख करते हुए बताया कि संसद की लाइब्रेरी में रखे इस ऐतिहासिक दस्तावेज के हर अध्याय की शुरुआत प्रभु श्रीराम, भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, दांडी यात्रा और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के चित्रों से होती है। शाह ने इस ऐतिहासिक विरासत के जरिए स्पष्ट किया कि संविधान की मूल भावना को समझे बिना उसे राजनीतिक हथियार बनाना उसके सम्मान के बजाए उसका अपमान है।
संविधान का उद्देश्य है कि, ‘ देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार मिले, सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के उस तक पहुँचे और उसे सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर मिले।’ इसका जीवंत उदाहरण है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ गरीबों तक बैंक खाते, बिजली, शौचालय, पानी, मुफ्त अनाज, स्वास्थ्य सुरक्षा और गैस सिलेंडर पहुँचा। बिचौलियों के बिना सीधा लाभ खातों में जमा हुआ।
आज पूरा देश जानता है कि अमित शाह के मार्गदर्शन में धारा 370 समाप्त हुई, नक्सलवाद और आतंकवाद पर लगाम कसी गई, पूर्वोत्तर के हजारों उग्रवादी मुख्यधारा में लौटे। बस्तर जैसे क्षेत्रों में दशकों से वंचित रहे लोगों को संवैधानिक अधिकार मिले। शाह की दृढ़ रणनीति ने यह संदेश दिया कि संविधान का सम्मान तभी सार्थक है, जब उसका लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
लेकिन संविधान की इस गौरवशाली तस्वीर के सामने एक दूसरा राजनीतिक चेहरा भी है। संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करने के बजाए उन पर सवाल उठाने की प्रवृत्ति पर शाह ने राहुल गांधी और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। अदालत का फैसला अनुकूल न हो तो उस पर सवाल, संसद में चर्चा की जगह सड़क पर शोर, चुनाव आयोग और मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण को बदनाम करने की कोशिश और विदेश में देश की छवि खराब करने वाले बयान – राहुल गांधी की राजनीति पर शाह का यही सबसे तीखा प्रहार रहा। लगातार चुनाव हारने के बाद दोष मढ़ना वैसा ही है, जैसे नाच न आने पर आंगन को टेढ़ा कहना।
शाह ने कांग्रेस के इतिहास की याद दिलाते हुए आपातकाल के उस काले दौर को भी सामने रखा, जब मौलिक अधिकार छीन लिए गए, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर पाबंदी लगी और यहाँ तक कि प्रधानमंत्री को न्यायिक जाँच से बाहर रखने के लिए संविधान में संशोधन किया गया। यही वह अध्याय है, जिसकी याद में 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ मनाया जाता है।
संसद को लोकतंत्र की सबसे बड़ी पंचायत मानने वाले शाह ने स्पष्ट किया कि संविधान का उपयोग और दुरुपयोग सत्ता में बैठे लोगों पर निर्भर करता है। भाजपा सरकार ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया। विपक्ष इसे रोकने की कोशिश कर रहा है, लेकिन मातृशक्ति का अधिकार रुक नहीं सकता।