एनेस्थीसिया को लेकर भ्रांतियां दूर करने की पहल,मरीजों की सुरक्षा पर जोर
-रेलवे अस्पताल में विश्व निश्चेतना दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जोधपुर। मंडल रेलवे चिकित्सालय में विश्व निश्चेतना दिवस पर शुक्रवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें एनेस्थीसिया से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने के साथ सुरक्षित सर्जरी और मरीजों की सुरक्षा में इसकी भूमिका बताई गई।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सीताराम बुनकर की उपस्थिति में मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रद्युम्न कुमार साहू ने निश्चेतना की प्रक्रिया,आधुनिक चिकित्सा में इसकी उपयोगिता और इससे जुड़ी आम भ्रांतियों की जानकारी दी। उन्होंने निश्चेतना को लेकर लोगों की शंकाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ नेहा तिवारी,डॉ. गुलाब सिंह सारण तथा सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ सुभाष साहू और डॉ अजय शर्मा मौजूद रहे। इस दौरान निश्चेतना विशेषज्ञों और स्वास्थ्यकर्मियों के योगदान की सराहना की गई।
कार्यक्रम में सुरक्षित निश्चेतना को सफल सर्जरी और बेहतर मरीज देखभाल का महत्वपूर्ण आधार बताया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में नर्सिंग स्टाफ व रेलकर्मचारी उपस्थित रहे।