रेलवे की खानपान सेवाओं की गुणवत्ता जांचेगी क्यूसीआई,24 घंटे में आएगी रिपोर्ट

-ट्रेनों और स्टेशनों की खानपान इकाइयों का होगा औचक निरीक्षण,डिजिटल साक्ष्यों से तय होगी जवाबदेही

जोधपुर। रेलवे में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता की जांच अब स्वतंत्र एजेंसी करेगी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम और भारतीय गुणवत्ता परिषद के बीच हुए समझौते के तहत ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों की खानपान इकाइयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण रिपोर्ट 24 घंटे के भीतर प्रस्तुत करनी होगी।

भारतीय गुणवत्ता परिषद(क्यूसीआई) के प्रमाणित विशेषज्ञ निर्धारित अंतराल पर खानपान इकाइयों की जांच करेंगे। इस दौरान मोबाइल एप के जरिए स्थान,समय और तस्वीरों सहित डिजिटल साक्ष्य दर्ज किए जाएंगे। इससे कमियों का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा और संबंधित संचालकों की जवाबदेही तय करने में मदद मिलेगी।

नई व्यवस्था के अनुसार निरीक्षण में रसोई की स्वच्छता,खाद्य सामग्री का सुरक्षित भंडारण,शाकाहारी और मांसाहारी सामग्री को अलग रखने,भोजन का उचित तापमान बनाए रखने और कीट नियंत्रण की व्यवस्था परखी जाएगी। कर्मचारियों की चिकित्सकीय उपयुक्तता,व्यक्तिगत स्वच्छता और सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल की भी जांच होगी।

भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम(आईआरसीटीसी) के अनुसार नई व्यवस्था का उद्देश्य खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का नियमित पालन सुनिश्चित करना है। समयबद्ध रिपोर्टिंग से कमियों की पहचान कर सुधारात्मक कार्रवाई करने और उसकी प्रगति पर निगरानी रखने में मदद मिलेगी।

यात्री संतुष्टि सर्वेक्षण भी होंगे

समझौता ज्ञापन पर आईआरसीटीसी के महाप्रबंधक (गुणवत्ता एवं परियोजना) सुधीर वारियर और क्यूसीआई के प्रधान सलाहकार एवं पीपीआईडी प्रमुख सुब्रतो घोष ने हस्ताक्षर किए। इसके तहत यात्री संतुष्टि सर्वेक्षण,खानपान सुविधाओं की जांच और कर्मचारियों के प्रशिक्षण से जुड़े कार्यक्रम भी संचालित किए जा सकेंगे।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button