चारभुजा फाग महोत्सव का भव्य आगाज़, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
मंदिर परिसर में हुई पुष्पवर्षा, होली के रंग में रंगा सोजत नगर
सोजत। चारभुजा फाग महोत्सव समिति सोजत के तत्वावधान में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला परंपरागत फाग महोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा और उल्लास के साथ प्रारंभ हो गया। बुधवार रात्रि नयापुरा स्थित गणेश मंदिर में विधिवत गणेश वंदना के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और देर रात तक भक्ति रस की सरिता बहती रही।
उद्घाटन अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा रंग-बिरंगे फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया। भजनों की शुरुआत होते ही श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। भजन गायक हरिनारायण पाराशर, सुधीर दवे सहित अन्य कलाकारों ने फाल्गुनी भजनों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं। ‘आज सोजत में होली हो रसिया’ और ‘मत डालो श्याम गुलाल मोरी अखियां में’ जैसे भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। ढोलक, हारमोनियम और मंजीरों की संगत ने प्रस्तुतियों में चार चांद लगा दिए।
इस दौरान कमलसिंह चौहान, नथमल सोलंकी, रोनित दवे सहित समिति सदस्यों ने वाद्य यंत्रों के माध्यम से सहयोग किया। कार्यक्रम रात्रि 8:30 बजे से 11 बजे तक चला। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर फूलों से आच्छादित हो गया और वातावरण सुगंधित हो उठा। भक्तों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली के आगमन की खुशियां भी साझा कीं।
समिति सदस्यों ने बताया कि फाग महोत्सव प्रतिदिन विभिन्न निर्धारित स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। गुरुवार को नागणेची माता मंदिर, बिलाड़ा गेट के बाहर प्रस्तावित कार्यक्रम किसी कारणवश वहां आयोजित नहीं हो सकेगा। अब यह आयोजन पाली दरवाजा स्थित गणेश मंदिर में संपन्न होगा।
इस अवसर पर आयोजनकर्ता अशोक जांगिड़, भवानीशंकर, धनपतराज अटवासिया, सत्यनारायण शर्मा, ईश्वरचन्द्र, रामलाल जी गौरेसा, रतनलाल टेलर, मोंटु अमरनानी, निरंजन, दिलीप वैष्णव, दौलत माली, रामलाल सिलग, अमरचन्द सोनी, सुरेश जी मेवाड़ा, मंगलाराम प्रजापति सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
फाग महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही सोजत नगर में होली के रंग और भक्ति का उल्लास छा गया है। आगामी दिनों में विभिन्न स्थानों पर होने वाले आयोजनों को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।