सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान, जब्ती व जुर्माना की कार्यवाही
सोजत। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नगर पालिका द्वारा मुख्य बाजार क्षेत्र में अधिशासी अधिकारी अचल सिंह गुर्जर के निर्देश अनुसार सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर रोक सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पालिका प्रशासन की टीम ने दुकानों, ठेलों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
स्वास्थ्य निरीक्षक पूनम चंद ने बताया जांच के दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री जैसे प्लास्टिक कैरी बैग, थर्माकोल प्लेट, प्लास्टिक कप एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की 25 किलो से अधिक मात्रा की जब्ती की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर निर्धारित प्रावधानों के तहत पांच हजार से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया।
अधिकारियों ने व्यापारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पाए जाने पर और अधिक कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही कपड़े के थैले, कागज के बैग एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की गई।
पालिका प्रशासन ने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बाजार बनाने में सभी की भागीदारी आवश्यक है। यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा। अभियान में सहयोगी के रूप में लिपिक ऋषि टांक,जितेंद्र आदिवाल तथा मनोहर उपस्थित रहे ।