सोजत की बेटी रेणु सिंघाड़िया ने रचा इतिहास, आरजेएस परीक्षा-2025 में चयन से क्षेत्र में खुशी की लहर
सोजत ।सोजत की माटी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि इसे ‘जजों की खान’ क्यों कहा जाता है। राजस्थान न्यायिक सेवा (RJS) परीक्षा-2025 के घोषित परिणामों में सोजत की होनहार बेटी रेणु सिंघाड़िया ने सफलता का परचम लहराते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। रेणु के चयन की खबर मिलते ही सोजत सिटी सहित रेगर जटिया समाज में हर्ष की लहर दौड़ गई और बधाई देने वालों का तांता लग गया।
संघर्ष और आत्मविश्वास से पाई सफलता
रेणु सिंघाड़िया स्वर्गीय पुसाराम सिंघाड़िया की पौत्री और सेवानिवृत्त माइनिंग ऑफिसर पुरणमल सिंघाड़िया की सुपुत्री हैं। रेणु ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने दिवंगत दादाजी के आशीर्वाद, पिता के मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत को दिया है। परिजनों के अनुसार, रेणु ने लंबे समय तक एकाग्रता और अटूट आत्मविश्वास के साथ तैयारी की, जिसका सुखद परिणाम आज सबके सामने है।
समाज और शहर में गौरव का क्षण
रेणु की इस उपलब्धि पर रेगर जटिया समाज के प्रबुद्धजनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज और सोजत के लिए गौरव का क्षण है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सोजत से लगातार न्यायपालिका में युवाओं का चयन होना यहां की प्रतिभाओं की बौद्धिक क्षमता को दर्शाता है।
शुभकामनाओं का तांता
आरजेएस में चयन के बाद रेणु को सोशल मीडिया और व्यक्तिगत रूप से बधाई देने वालों की भीड़ उमड़ रही है। लोगों का कहना है कि रेणु की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें उच्च पदों पर पहुँचने के लिए प्रोत्साहित करेगी।