ग्राम विकास अधिकारी 1500 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
सोजत (मुसालिया)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) पाली-प्रथम इकाई ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पंचायत मुसालिया, पंचायत समिति मारवाड़ जंक्शन (जिला पाली) में पदस्थापित ग्राम विकास अधिकारी कान्ता शर्मा को 1500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जन्म प्रमाण पत्र में आधार नंबर दर्ज कराने के लिए मांगी थी रिश्वत
एसीबी के अनुसार परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसके पुत्र एवं पुत्री के जन्म प्रमाण पत्र में माता-पिता के आधार नंबर दर्ज करने की एवज में अधिकारी द्वारा 3,000 रुपये की रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने ट्रैप की कार्रवाई को अंतिम रूप दिया।
जोधपुर रेंज के सुपरविजन में सफल कार्रवाई
यह कार्रवाई जोधपुर रेंज के उप महानिरीक्षक भुवन भूषण यादव के सुपरविजन में तथा एसीबी पाली-प्रथम इकाई के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र डुकिया के नेतृत्व में की गई। योजना के अनुसार टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को 1500 रुपये की रिश्वत लेते ही पकड़ लिया।