सूर्यनगरी की पावन धरा पर चार मुमुक्षुओं ने किया संयम जीवन स्वीकार
जोधपुर। व्यसन मुक्ति के प्रबल प्रेरक रत्न संघ नायक पूज्य आचार्य प्रवर श्री हीराचंद्र जी महाराज साहब भावी आचार्य प्रवर श्री महेंद्र मुनि जी महाराज साहब के पावन सानिध्य में सूर्य नगरी जोधपुर में चार मुमुक्षु भाई बहन श्री कन्हैयालाल जी चौधरी,सुश्री नेहा जैन,सुश्री खुशी चौपड़ा,सुश्री रिद्धि बाफना की भव्य जैन भागवती दीक्षा आज हनवंत गार्डन प्रांगण में कराई गई ।
सभी मुमुक्षुओं ने अपने गुरु से संयम जीवन के बारे में भली भांति जाना और समझा फिर उन्होंने अपने पारिवारिक सदस्यों से संयम जीवन स्वीकार करने की आज्ञा लेते हुए गुरु चरणों में अपने आप को समर्पित करने की भावना जाहिर की ।पारिवारिक सदस्यों ने मुमुक्षु के भावों को समझकर अपने घर की लाडली और लाडले को गुरु चरणों में समर्पित करने की इच्छा जाहिर की । आचार्य भगवंत श्री हीराचंद्र जी महाराज साहब ने अनंत कृपा करते हुए उन मुमुक्षुओं की जैन भागवती दीक्षा आज के दिन करने का निर्णय किया और आज सूर्योदय के साथ ही सभी मुमुक्षु अपने-अपने घर से भरे हुए छप्पन भोग एवं सुख सुविधा को ठुकराते हुए, संसार के सुख को छोड़ संयम ग्रहण करने के लिए भव्य वरघोड़े के साथ घर से अंतिम विदाई ली। दीक्षा के पूर्व प्रात: काल पूज्य गुरुदेव विहार करके हनवंत गार्डन के सामने श्रीमान मनमोहन सा कर्णावट के घर पधारें एवं सभी दीक्षार्थी बन्धु—बहिनें अपने परिवार के साथ अस्थायी निवास से अभिनिष्क्रमण यात्रा के रूप में गुरु भगवंतों के सान्निध्य में पहुंचे। मांगलिक श्रवण करने के पश्चात् सभी मुमुक्षुजनों ने आज्ञा प्राप्त कर मुण्डन हेतु निर्धारित स्थान के लिए प्रस्थान किया।
गुरु हीरा और गुरु महेन्द्र के सान्निध्य में सभी संत एवं महासती मण्डल दीक्षा स्थल हनवंत गार्डन के प्रांगण में विशाल जनमेदिनी के जयजयकारों के साथ पधारे। प्रवचन सभा में महासती मण्डल ने संयम की महिमा का बखान करते हुए सभी श्रावक श्राविकाओं को इस मार्ग में आगे बढ़ने हेतु प्रेरणा प्रदान की।
दीक्षा के अवसर पर ज्ञानगच्छीय संत श्री निलेश मुनि जी म.सा. आदि ठाणा एवं महासती मण्डल भी पधारे। उन्होंने भी उपस्थित जनमानस को संयम में अग्रसर होने की महती प्रेरणा प्रदान की। महासती श्री भाग्यप्रभा जी महाराज साहब, महासती श्री विवेक प्रभा जी महाराज साहब महासती श्री विनीत प्रभा जी महाराज साहब, महासती श्री सरलेश प्रभा जी महाराज साहब आदि महासती मंडल ने संयम जीवन को श्रेष्ठतम बताते हुए अपने मार्मिक प्रवचन फरमाये ।
श्रद्धेय श्री अशोकमुनि जी म.सा.,
श्रद्धेय श्री जितेन्द्र मुनि जी म.सा.,श्रद्धेय श्री यशवंतमुनि जी म.सा.,श्रद्धेय श्री योगेशमुनि जी म.सा. ने संयम में आगे बढने के साथ—साथ संयमियों को आगे बढ़ाने हेतु भी प्रेरणा प्रदान की। भावी आचार्यप्रवर श्री महेन्द्रमुनि जी म.सा. ने हजारों श्रावक-श्राविकाओं की विशाल उपस्थित को उपदेश फरमाते हुए कहा कि आज गुरु हीरा की छांव में, उनके वात्सल्य तथा प्रेम से उनके सान्निध्य में मुमुक्षु भाई—बहिन संयम को ग्रहण कर रहे हैं। गुरु हीरा के सान्निध्य में जो भी आता है वह निश्चित ही भवपार होता है। दीक्षा व्यवस्था समिति के संयोजक श्री राजेश जी कर्णावट ने बताया कि विशाल जनमेदिनी में भी शांत वातावरण में गुरु भगवंतों का प्रवचनामृत जन—जन के कानों तक पहुंच रहा था। मुमुक्षु भाई—बहिन मुण्डित होकर तथा वेशपरिवर्तन कर संयम के नारों तथा जय—जयकारों के साथ प्रवचन सभा में पधारें। गुरु भगवंतों ने मुमुक्षु भाई—बहिनों को दीक्षा पाठ कराने से पूर्व परिवारजनों तथा संघ पदाधिकारियों से आज्ञा मांगी। आज्ञा प्राप्त होने के पश्चात् सभी मुमुक्षुजनों ने अपने परिवारजनों तथा उपस्थित श्रावक—श्राविकाओं से क्षमायाचना की, तत्पश्चात् गुरु भगवंतों को वंदना कर विनयपूर्वक उनके समक्ष उपस्थित हुए। गुरु महेन्द्र ने दीक्षा विधि प्रारम्भ की तथा गुरु हीरा विधिपूर्वक चउवीस्थव के साथ करेमि भंतें के पाठ से सभी मुमुक्षुजनों को प्रव्रजित किया। युवक परिषद के अध्यक्ष गजेंद्र चौपड़ा ने बताया कि संयमी बनने के बाद चारों नवदीक्षित संत-सती को नये नाम गुरु भगवन्तों द्वारा श्री कन्हैयालाल जी चौधरी को श्री कमल मुनि जी म.सा.सुश्री नेहा जी जैन को श्री दर्शिता जी म.सा. सुश्री खुशी जी चौपड़ा को श्री ईश्वरा जी म.सा.,सुश्री रिद्धि जी बाफना को श्री इंगीता जी म.सा.के नाम से संबोधित किया गया। सभी नव दीक्षित की बड़ी दीक्षा का कार्यक्रम 22 जनवरी 2024 को सामायिक स्वाध्याय भवन,शक्ति नगर में होने की स्वीकृति फरमाई।दीक्षा कार्यक्रम के पश्चात सभी श्रावक-श्राविकाओं के लिए सुंदर भोजन की व्यवस्था की संघ द्वारा की गई जिसमें श्री अशोक जी मेहता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं की संपूर्ण युवा टीम ने उत्साह पूर्वक सेवाएं प्रदान की। दीक्षा प्रसंग पर सभी के लिए पीने हेतु धोवन पानी की व्यवस्था की गई जिसमें कुशल बाफना एवं उनकी पूरी टीम ने बहुत ही सुंदर व्यवस्था की ।दीक्षा महोत्सव में लाभार्थी के रूप में वीर परिवार श्री तरुण कुमार जी,सुनील कुमार जी,राजेश कुमार जी चौपड़ा ने लाभ लिया। मीडिया प्रभारी दीपक कुमार सिंघवी ने बताया कि इस भव्य दीक्षा प्रसंग के अवसर पर संघ संरक्षक मंडल के संयोजक श्री मोफतराज सा मोहनोत,संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय न्यायाधिपति श्रीमान प्रकाश सा टाटिया,संघ के राष्ट्रीय महामंत्री श्री धनपत सा सेठिया,श्राविका मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका जी दूधेड़िया, श्राविका मंडल की राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमती श्वेता जी कर्णावट, युवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विवेक जी लोढ़ा, महासचिव विकासराज जैन, शासन सेवा समिति संयोजक श्री गौतम सा हुंडीवाल,मारवाड़ क्षेत्रीय प्रधान श्री अमरचंद जी चौधरी,जोधपुर संघ के अध्यक्ष श्री सुभाष जी गुंदेचा मंत्री,श्री नवरत्न जी गिड़िया श्री जिनेंद्र सा ओस्तवाल एवं दीक्षा समिति के मंत्री श्री महावीर जी मकाना, संयुक्त महामंत्री श्री प्रकाश जी सालेचा,श्राविका संघ की अध्यक्ष श्रीमती सुमन जी सिंघवी,श्री महावीर जी कोठारी,श्री अनिल पारख,श्री मनीष लोढ़ा,श्री जितेंद्र लोढ़ा श्री महेंद्र सुराणा,श्री नरेंद्र बाफना,और वीर परिवार के सदस्य एवं हजारों श्रावक-श्राविकाओं सहित संघ के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहें ।