2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है : शेखावत
प्रतापनगर में विकसित भारत संकल्प यात्रा में केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री ने दिलाई शपथ
शिविर का निरीक्षण और लाभार्थियों से संवाद किया
जोधपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि पिछले सतर साल में आई सरकारों से देश की आजादी में बलिदान देने वालों के सपनों का भारत बनाने में कहीं न कहीं चूक हुई है, लेकिन जब से नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से देश को विकसित बनाने में निरंतर प्रगति हो रही है। इस बात को पूरा विश्व स्वीकारने लगा है।
शेखावत शनिवार को शहर के प्रतापनगर में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सतर साल में वैसा नहीं हो पाया, जैसा होना चाहिए था। पिछली सरकारों ने देश के विकास की गति अत्यंध धीमी थी, लेकिन जब से नरेन्द्र मोदी सरकार आई, उन्होंने संकल्प लिया कि उनकी योजनाएं गांव और गरीब के जीवन में परिर्वतन लाने के लिए होगी। वर्ष 2014 में जब मोदी जी प्रधानमंत्री बने उसके बाद घर-घर में बिजली और पानी लाने की योजनाएं बनाई गई। उज्जवला योजना से महिलाओं को चूल्हे से मुक्ति मिली। चार करोड़ गरीबों को घर दिया गया।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में सामान्य व्यक्ति जो रोजगार करता है, उसकी क्षमता और सामर्थ्य बढ़ाने के लिए प्रयास किए गए। मुद्रा योजना के तहत युवकों को लोन दिए गए। इसका परिणाम ये हुआ कि जो युवक कभी नौकरी मांगने के लिए लाइन में लगे रहते थे। उन्होंने न केवल खुद का कारोबार खड़ा किया, वरन वे दूसरे युवकों को नौकरी देने में भी सक्षम हो गए। प्रधानमंत्री मोदी ने अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ दिलाने के लिए गवर्नेंस का नया मॉडल दिया। इसके चलते देश में बारह करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर उठ गए। देश में आधारभूत संसाधनों पर व्यय किया गया। आज रेल, सडक़ें और हवाई अड्डों आदि का तेजी से पुननिर्माण हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित बनाने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने में हम सबको जुटना होगा।
केंद्रीय मंत्री ने किया लाभार्थियों से संवाद
शेखावत ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को विकसित भारत के लिए अपना योगदान देने की शपथ भी दिलाई। इससे पहले विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान लगाए गए शिविर में केन्द्र की कई योजनाओं के लाभार्थियों को पत्र सौंपे गए। लाभार्थियों से संवाद भी किया गया।
इस दौरान सूरसागर विधायक श्री देवेंद्र जोशी, शहर विधायक श्री अतुल भंसाली, निगम उत्तर के नेता प्रतिपक्ष श्री लक्ष्मीनारायण सोलंकी, पूर्व महामंत्री श्री महेंद्र मेघवाल विशेष रूप से मौजूद रहे।
निवास स्थान पर आमजन से की मुलाकात
इससे पहले केन्द्रीय मंत्री शेखावत के दोपहर करीब सवा बारह बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचने भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। बाद मे निवास स्थान पर आमजन से मुलाकात कर जनसुनवाई की। दोपहर में सांसद सेवा केंद्र भी गए।