असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक के रूप में सूर्यनगरी में रावण दहन कल होगा
मंगलवार को नगर निगम उत्तर और दक्षिण की ओर से होगा कार्यक्रम
जोधपुर। असत्य पर सत्य की जीत के प्रतीक के रूप मे मनाए जाने वाले दशहरा पर्व को लेकर नगरनिगम उत्तर एवं दक्षिण की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई है और मंगलवार को अंहकार रूपी रावण के पुतले का दहन किया जाएगा।
निगम आयुक्त उत्तर अतुल प्रकाश ने बताया कि रावण चबूतरा मैदान में -62 फीट उचें रावण और उसके परिजनों के पुतलों का गौ धुली वेला में दहन किया जाएगा। आयुक्त दक्षिण उत्सव कौशल ने बताया कि इस बार रावण के पुतले को धोती, जोधपुरी अचकन, सिल्क की धोती और जूतियां पहनाई गई हैं।
साथ ही मेघनाद, कुंभकर्ण, शूर्पणखा और ताडका के पुतलों का भी निर्माण किया गया है। रावण चबूतरा मैदान में आने वाले शहरवासियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई है साथ ही सुरक्षा के मध्यनजर मैदान मे बेरिकैटिंग की गई है। उन्होने बताया कि पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर सारी व्यवस्थाओं का रिव्यू किया गया है।
आयुक्त ने बताया कि मेले स्थल पर अखाडा संचालकों और मेले में आने वाले आमजन के लिए रावण दहन स्थल के पास ही पेयजल की व्यवस्था की गई है साथ ही राम रथ यात्रा के मार्ग में और रावण चबूतरा मैदान मे चल शौचालय भी लगाया गया है।
विधिवत पूजा अर्चना के बाद रवाना होगा रामरथ
मेला अधिकारी राजेश बोड़ा ने बताया कि मगंलवार को प्रातः 11 बजे निगम के अधिकारीगण एवं पूर्व राजपरिवार के सदस्य मेहरानगढ दुर्ग पंहुचकर प्रभु श्रीराम और मां चामुण्डा की पूजा अर्चना करेगें और उसके बाद मुहुर्त के अनुसार दोपहर में विधिवत पूजा अर्चना कर राज व्यास श्री राम की सवारी को रवाना करेगें।
इसके बाद शहर के अखाडा दल के कार्यकर्ता हैरत अंगेज करतब दिखाते हुए राम सवारी के आगे चलेगें। वही रास्तें मे आने वाले सभी मंदिरों में पूजा अर्चना कर निगम की ओर से भेंट राशि भी चढाई जाएगी। रावण चबूतरा मैदान पर अखाडा दल प्रभारियों का निगम की ओर से सम्मान भी किया गया जाएगा।
इस तरह होगा रावण दहन
मेला अधिकारी सुधीर माथुर ने इस बार रावण की नाभि में अग्नि बाण लगते ही हाथ में थामी चकरी घूमेगी और रावण के मुह एवं आंखों से अंगारे बरसेंगे।उन्होंने बताया कि इस बार पहले रावण के परिजनों के पुतलों का दहन किया जाएगा और उसके बाद गौधुली वैला में रावण का दहन किया जाएगा। रावण दहन के बाद आकर्षक एवं मनमोहक आतिशबाजी की जाएगी।
इस तरह से प्रवेश व्यवस्था
मेले के दौरान मेला स्थल पर प्रवेश के लिए अलग अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। कार्यालय अधीक्षक उत्तर सलातुल्ला खा और दक्षिण सुबोध शंकर व्यास ने बताया कि गेट नंबर 1 से रथ एवं अखाड़ों का प्रवेश होगा और गेंट नंबर 3 से 8 से आमजन प्रवेश कर सकेगें। कार्ड धारक बरकतुल्लाह खान स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार से और गेंट नंबर 9 से वीआईपी गेस्ट और मीडियाकर्मी प्रवेश करेगें।