गहलोत सरकार की बंद होने वाली है बत्ती : शेखावत
बर (पाली)। केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा में मंगलवार देर शाम अशोक गहलोत सरकार को उखाड़ फेंककर परिवर्तन लाने का आह्वान किया। उन्होंने अपने जोशीले भाषण में कहा कि थोड़े दिनों में इस सरकार की बत्ती बंद होने वाली है।
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ यहां जनसभा में केंद्रीय मंत्री शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज कसा कि रात 10 बजे के बाद मैंने मीटिंग की तो आपको पता है, गहलोत साहब क्या करेंगे? मुकदमा दर्ज कर देंगे, लाइट काट देंगे, लेकिन थोड़े दिनों में इनकी बत्ती बंद होने वाली है। उन्होंने पूछा, होने वाली है कि नहीं होने वाली। जवाब आया- हां। उन्होंने पूछा, जो हमको बिजली नहीं देता, जिसने किसान का कर्जा माफ नहीं किया, जिसने युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया, जो युवाओं के पेपर लीक कर रहा है, जो बहनों की सुरक्षा नहीं कर सकता और राजस्थान में 2 लाख रेप हो जाते हैं, जो कानून का राज स्थापित नहीं कर सकता, जो माफिया पनपाता है, जो बजरी और दारू माफिया को कंट्रोल नहीं कर सकता, जो मंदिरों की सुरक्षा नहीं कर सकता, जो भगवान राम का मंदिर तोड़ता है, जो शिव मंदिर तोड़ता है, जो राजस्थान को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई में एक नंबर बना दे, जिसके राज में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल बिकता है, उसको सरकार में रहने देना चाहिए क्या? लोगों ने कहा-नहीं।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने आगे पूछा, जो सनातन का अपमान करता है, जिसने राम का अपमान किया, ऐसी सरकार को उखाड़ कर फेंकना चाहिए कि नहीं फेंकना चाहिए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे साहब कहते हैं, मोदी जीत गया तो हिंदुस्तान में सनातन की ताकत बढ़ जाएगी, इसलिए मोदी को हराना है। शेखावत ने पूछा, क्या हम मोदी को हारने देंगे? जवाब आया- नहीं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपने माथे दे-देकर सनातन धर्म को जिंदा रखा था। हमारे पूर्वजों ने अपने-अपने पुरुषार्थ के दम पर, अपनी भुजाओं के दम पर पूरे भारत की तरफ उठने वाली हर आंधी को मोड़कर रख दिया था। उस आंधी को खत्म कर दिया या डर के मारे वो वापस भाग गई। अबकी बार सनातन के ऊपर उठने वाली हर उंगली को हम मोड़ नहीं देंगे क्या, तोड़ नहीं देंगे क्या, सनातन की तरफ हर आंख जो उठेगी, उसको फोड़ नहीं देंगे क्या?
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इनको जवाब देने के लिए एक सही जगह वोट देना होगा, क्योंकि आपके एक सही वोट ने देश में 12 करोड़ शौचालय बनवा दिए, 4 करोड़ गरीबों का घर बन गया, 50 करोड़ बैंक खाते खुल गए, 11 करोड़ महिलाओं के घर में गैस का चूल्हा आ गया। आज हिंदुस्तान की ताकत पूरी दुनिया मानने लग गई। सर्जिकल और एयर स्ट्राइक की। 24 घंटे में पाकिस्तान ने डरकर अभिनंदन को वापस भेजा था। उन्होंने कहा कि आपके एक सही जगह वोट से हिंदुस्तान मंगल और चांद पर पहुंच गया। सूरज की गर्मी को नापने के लिए आदित्य मिशन अंतरिक्ष में चला गया। आपके एक सही वोट ने भगवान राम का मंदिर बना दिया, जम्मू-कश्मीर से 370 हटा दी, काशी, उज्जैन, केदारनाथ समेत कई मंदिरों का पुनरुद्धार करा दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक सही वोट ने गुंडाराज खत्मकर दिया। उन्होंने पूछा, गुंडाराज राजस्थान में खत्म करना है कि नहीं करना। जवाब आया- हां। उन्होंने कहा कि उसके लिए परिवर्तन करना पड़ेगा। मोदी जी की डबल इंजन वाली सरकार राजस्थान में बनानी पड़ेगी।
जनसभा में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राजस्थान में महिला अत्याचार बढ़ गए। जल जीवन मिशन में दिया पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया। अब जनता परिवर्तन करेगी। मोदी जी के साथ चलने वाली सरकार फिर से आएगी। फिर राजस्थान की गति को कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि हमें केवल कुर्सी और मुख्यमंत्री ही नहीं बदलना, हमें आम आदमी के जीवन में परिवर्तन लाना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की प्रतिष्ठा देश-विदेश में बढ़ी है। आपने ऐसा चित्र पहले नहीं देखा होगा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी आगे चल रहे हैं और दुनिया के दूसरे प्रधानमंत्री उनके पीछे लाइन लगाकर चल रहे हैं।